​तालाब की सरकारी जमीन पर खड़े लाखों के पेड़ भू-माफियाओं ने बेचे, प्रशासन ने छापेमारी कर लकड़ी से लदी गाड़ी को किया ज़ब्त

0
33



ऊंचाहार रायबरेली : ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के अंतर्गत राजस्व ग्राम सभा पयागपुर नदौरा लक्ष्मीगंज में सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा और हेरफेर करने वाले भू-माफियाओं का एक बड़ा कारनामा सामने आया है। गाँव के ही रसूखदार भू-माफिया चंद्रिका प्रसाद (पुत्र संतराम), विजय कुमार (पुत्र चंद्रिका प्रसाद), मीणा कुमारी (पुत्री चंद्रिका प्रसाद) और सावित्री देवी (पत्नी चंद्रिका प्रसाद) ने स्थानीय प्रशासन की आँखों में धूल झोंककर तालाब की सुरक्षित भूमि पर लगे बेशकीमती यूकेलिप्टस के पेड़ों को एक निजी ठेकेदार के माध्यम से अवैध रूप से कटवा कर लाखों रुपये में बेच दिया।
​राजस्व और पुलिस टीम की ऐन वक्त पर छापेमारी
मामले की भनक लगते ही स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। प्रशासन के अचानक पहुँचने से कटान स्थल पर हड़कंप मच गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके से अवैध रूप से काटी गई लकड़ी से लदी एक गाड़ी (डीसीएम/ट्रैक्टर) को रंगे हाथों पकड़कर ज़ब्त कर लिया है।
​अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहा था खेल
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सरकारी तालाब की भूमि को अपनी निजी जागीर समझकर उसका सौदा कर रहे थे। लाखों रुपये के इस पर्यावरण और राजस्व नुकसान को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। मौके पर पहुँचे राजस्व कर्मियों ने पूरी घटना की पैमाइश कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है। प्रशासन अब इन नामजद भू-माफियाओं के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

LEAVE A REPLY