रायबरेली : उप कृषि निदेशक विनोद कुमार ने बताया है कि कृषि निदेशक उ०प्र० कृषि भवन लखनऊ द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निथि योजना को पारदर्शी बनाने, डाटा लीक को रोकते हुए योजनान्तर्गत केवल वास्तविक एवं जीवित लाभार्थियों को ही लाभ प्राप्त हो सके, यह सुनिश्चित किये जाने हेतु सभी पी०एम० किसान लाभार्थियों के लिए वार्षिक ई-के०वाई०सी० अनिवार्य रूप से करायी जानी है। इसके लिए शासन स्तर से 30 जून तक की समय सीमा निर्धारित की गई है, नियत तिथि तक ई-के०वाई०सी० न कराने वाले कृषकों को योजना के लिए अपात्र माना जा सकता है।
उन्होंने समस्त कृषकों से अपील की है कि निर्बाध रूप से पी०एम० किसान की किस्त प्राप्त करने के लिए 30 जून 2026 से पहले अपनी ई-के०वाई०सी० करा लें ताकि योजना का लाभ अनवरत प्राप्त होता रहे। साथ ही साथ यह भी अवगत कराया है कि ई-के०वाई०सी० दो प्रकार से करायी जा सकती है। बायोमेट्रिक ई-के०वाई०सी० जिसमें प्रत्येक पात्र लाभार्थी कृषक परिवार बायोमेट्रिक अथेन्टिकेशन (अँगूठा लगाकर) के माध्यम से नजदीकी जन सेवा केन्द्र से करा सकते हैं। फेशियल ई-के०वाई०सी० इस प्रक्रिया में किसान मोबाइल एप का उपयोग करके या ग्राम नोडल अधिकारी वी०एन०ओ०/फील्ड कार्मिकों से सम्पर्क कर करा सकते है।































































