गुवाहाटी के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। इस हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है असम में बुधवार को सुबह-सुबह बड़े रेल हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार, ये हादसा गुवाहाटी के बाहरी इलाके में डिगारू के पास हुआ है। आइए जानते हैं कि इस हादसे के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने इस हादसे के बारे में जानकारी साझा करते हुए बताया है कि इस हादसे में कोई भी मौत या घायल होने की बात सामने नहीं आई है।
मिजोरम से कोलकाता की ओर जा रही थी ट्रेन
गुवाहाटी के पास डिगारू इलाके में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतर गई है। ये हादसा आज सुबह हुआ है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, बताया जा रहा है कि कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस ट्रेन मिजोरम से कोलकाता की ओर जा रही थी। शुरुआत में हादसा किस वजह से हुआ, कितने यात्री घायल हुए हैं? इस बात की जानकारी सामने नहीं आई थी। हालांकि, अब रेलवे ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।
रेलवे ने क्या बताया?
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने इस हादसे के बारे में कहा-“11.11.2026 को लगभग 06:54 बजे, जब ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को असम के दिगारू रेलवे स्टेशन पर किसी दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था, तब लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सके। इसके कारण ट्रेन पटरी से उतर गई, जिसमें इंजन और 5 कोच पटरी से उतर गए। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन का इंतजाम किया गया है। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं। एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, ताकि बहाली के काम की निगरानी कर सकें।
ट्रेन के पटरी से उतरने की घटना को देखते हुए, निम्नलिखित ट्रेनों के परिचालन को नियंत्रित (रेगुलेट) किया गया है-:
- ट्रेन संख्या 12067 (गुवाहाटी – जोरहाट टाउन) जन शताब्दी एक्सप्रेस को पानबारी में रोका गया है।
- ट्रेन संख्या 15627 (कोयंबटूर – सिलचर) एक्सप्रेस को पानीखैती में रोका गया है।
हाल में सामने आए रेल हादसे
आपको बता दें कि हाल ही में यूरोप के स्पेन में भी भीषण रेल हादसा हुआ था। यहां दो हाई-स्पीड ट्रेनों की हो गई टक्कर में 69 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा 8 नवंबर को मिस्र की राजधानी काहिरा के दक्षिण में दो यात्री ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 88 अन्य घायल हो गए।































































