बेंगलुरु में लंबे समय से खाली पड़े एक प्लॉट में सफाई के दौरान महिला की लाश मिली

0
7

पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्या को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हत्या का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। हाल ही में सरकार ने एक नियम बनाया था कि खाली प्लॉट को साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी जमीन मालिक की होगी और तय समय पर ऐसा नहीं किया गया तो नगर निगम की ओर से जुर्माना लगाया जाएगा। इसी के बाद एक प्लॉट की सफाई के दौरान एक अनजान महिला की लाश मिली। बेंगलुरु के संपिगेहल्ली के पास प्लॉट की सफ़ाई का काम करने वालों ने सबसे पहले सड़ी गली हालत में शव को देखा। जब पुलिस ने मामले की जांच की तो हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया

बेंगलुरु के संपिगेहल्ली के पास MS नगर के अग्रहारा लेआउट में प्लॉट के मालिक ने सफाई का काम शुरू करवाया था। लाश मिलने के बाद प्लॉट मालिक ने संपिगेहल्ली पुलिस को सूचित किया जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। पुलिस की जांच में पता चला कि पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या की थी। पत्नी की हत्या करने और उसकी लाश ठिकाने लगाने के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया गया।

हत्या को लेकर चौंकाने वाला खुलासा

सामने आई जानकारी के अनुसार, ओडिशा से सागर चंद अपनी पत्नी अनुसूया के साथ काम के सिलसिले में बेंगलुरु आया था। इन दोनों ने अनुसूया के परिवार वालों को बिना बताए 2 साल पहले प्रेम विवाह किया था और अनुसूया के परिवार की नाराजगी से बचने के लिए दोनों किसी को बिना बताए बेंगलुरु आ गए। उसके परिवार को शादी के बारे में उसकी मौत के बाद ही पता चला। पुलिस के मुताबिक वे अलग-अलग होटलों में काम करके गुजारा कर रहे थे। पति सागर चंद एक होटल में किचन सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी तीन दिन तक पत्नी की लाश के साथ घर पर ही रहा। तीन दिन बाद, उसने लाश को बिस्तर में लपेटा और एक खाली प्लॉट में फैंक दिया। लाश फेंकने के बाद, वह चार-पांच दिनों तक उस इलाके में आता-जाता रहा, यह देखने के लिए कि कहीं कोई उस खाली प्लॉट के पास तो नहीं आ रहा। वह सब देख रहा था। आपको बता दें कि इससे पहले भी बेंगलुरु में पति की हैवानियत दिखी थी जब पति ने पत्नी पर फ्लोर क्लीनर फेंक दिया था और धारदार हथियार से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए थे।

क्यों कर दी पत्नी की हत्या?

जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच पैसों को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। पिछले दिनों में अनुसूया अक्सर पति के होटल जाने लगी और उसकी सैलरी को लेकर झगड़ा करती थी। पिछले महीने 11 अगस्त को एक झगड़े के बाद वे घर लौटे थे। झगड़ा बढ़ गया और पति ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी पुलिस ने लाश पर मिले एक टैग की जांच करके आरोपी का पता लगाया। हत्या के 20 दिन बाद अनसूया की लाश मिली तब तक कुत्तों ने लाश को नोच-नोचकर इधर-उधर घसीट दिया था।

पुलिस ने खुद ही उस अज्ञात लाश के अंतिम संस्कार का इंतजाम किया। लाश पर एक मॉल का कपड़ों वाला टैग मिला। मॉल में पूछताछ करने पर अनुसूया की कॉन्टैक्ट डिटेल्स मिलीं। इस बीच, आरोपी पति होटल में हमेशा की तरह काम करता रहा। होटल में पूछताछ से उनके झगड़ों के बारे में पता चला। फिर आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद हत्या का मामला सामने आया।

LEAVE A REPLY