शेयर बाजार में मंगलवार को एक बार फिर बिकवाली का दबाव देखने को मिला।

0
5

दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में बंद हुए। रियल्टी, मेटल और FMCG शेयरों में कमजोरी ने बाजार का मूड बिगाड़ दिया। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 11 अगस्त को एक बार फिर बिकवाली का दबाव देखने को मिला। दिनभर उतार-चढ़ाव के बीच कारोबार करने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। रियल्टी, FMCG और मेटल शेयरों में कमजोरी ने बाजार का मूड बिगाड़ दिया। हालांकि, फार्मा और IT शेयरों में खरीदारी ने गिरावट को कुछ हद तक संभालने का काम किया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 388.19 अंक यानी 0.49 फीसदी गिरकर 78,154.25 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 112.10 अंक यानी 0.46 फीसदी की गिरावट के साथ 24,471.70 पर पहुंच गया। बाजार में गिरावट का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि करीब 2,152 शेयर गिरावट में बंद हुए, जबकि 1,977 शेयरों में तेजी रही। 187 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

टाटा कंज्यूमर और मैक्स हेल्थकेयर में सबसे ज्यादा गिरावट

निफ्टी 50 के शेयरों में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स करीब 2.85 फीसदी गिरा, जबकि मैक्स हेल्थकेयर  में 2.77 फीसदी की गिरावट रही। अल्ट्राटेक सीमेंट 2.23 फीसदी नीचे आया। नेस्ले और ग्रासिम में भी करीब 2.09 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली।

डॉक्टर रेड्डी ने लगाई छलांग, फार्मा ने संभाला बाजार

गिरावट के बावजूद कुछ शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। डॉक्टर रेड्डीज लैब्स करीब 4.06 फीसदी चढ़कर सबसे बड़ा गेनर रहा। इटर्नल में 2.03 फीसदी, TCS में 0.68 फीसदी, टाइटन कंपनी में 0.55 फीसदी और इन्फोसिस में 0.40 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। सेक्टोरल प्रदर्शन भी मिला-जुला रहा। निफ्टी फार्मा करीब 1 फीसदी और निफ्टी आईटी 0.6 फीसदी चढ़ा। दूसरी तरफ रियल एस्टेट, एफएमसीजी और मेटल इंडेक्स में करीब 1 फीसदी की गिरावट रही। निफ्टी इंफ्रा 0.8 फीसदी, प्राइवेट बैंक 0.6 फीसदी, ऑटो 0.5 फीसदी और बैंक 0.4 फीसदी की गिरावट पर बंद हुए। मिडकैप सपाट, स्मॉलकैप में मामूली तेजी

बड़े शेयरों में दबाव के बावजूद व्यापक बाजार पूरी तरह कमजोर नहीं रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स बिना किसी बदलाव के बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.2 फीसदी की मामूली बढ़त रही। कुल मिलाकर मंगलवार का कारोबार निवेशकों के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। बाजार में जहां रियल्टी और मेटल शेयरों की कमजोरी ने चिंता बढ़ाई, वहीं फार्मा और IT शेयरों में खरीदारी ने बाजार को पूरी तरह टूटने से बचाया।

LEAVE A REPLY