पूर्णिया में बैंककर्मी ने अपने 9 साल के बेटे के सामने पत्नी को सीने में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।

0
5

बिहार के पूर्णिया में एक बैंककर्मी ने अपने बच्चों के सामने शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद 9 साल के बेटे ने हत्या की जानकारी अपने मामा को दी और फिर इसकी सूचना पड़ोसियों को दी गई। मृतका की पहचान श्रीनगर प्रखण्ड में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत 34 वर्षीय शिक्षिका शालिनी कुमारी के रूप में हुई है जबकि आरोपी पति राजकुमार यादव पूर्णिया में ही कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत है।

क्या है पूरा मामला?

घटना पूर्णिया जिला मुख्यालय के खजांची हाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर की है। परिजनों के अनुसार, शालिनी और राजकुमार के बीच कई कारणों से अक्सर झगड़ा हुआ करता था। रविवार की शाम में भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि इस झगड़े की वजह दो कट्ठा जमीन थी, जिसे राजकुमार और शालिनी ने मिलकर खरीदा था। राजकुमार इस जमीन में निवेश किए गए अपने हिस्सा का पैसा शालिनी से वापस मांग रहा था जबकि शालिनी यह रकम देने में असमर्थता जता रही थी।

रविवार की शाम दोनों के बीच विवाद बढ़ गया तो राजकुमार ने बेटों के सामने ही शालिनी की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद राजकुमार गुस्से में घर से बाहर चला गया। प्रत्यक्षदर्शी बड़े बेटे ने बताया कि जाते-जाते पापा ने कहा था कि आज कहानी ही खत्म कर देते हैं। 

इसके बाद रात करीब 8 बजे के बाद जब वह वापस लौटा तो बच्चे घर में पढ़ रहे थे, जबकि शालिनी खाना बना रही थी। राजकुमार ने बेटे के सामने ही शालिनी को गोली मार दी और फरार हो गया।

वीडियो कॉल पर भाई से बोली- अब क्या करेंगे, हमको गोली मार दिया है

इसके बाद बेटे ने अपने मामा विक्रम आनंद को वीडियो कॉल कर बताया कि पापा ने मां को गोली मार दी है। तब शालिनी जमीन पर नीचे गिरी हुई थी और कराहते हुए अपने भाई से बोली- ‘अब क्या करेंगे, हमको गोली मार दिया है।’

घटना के बाबत मृतका के मामा गौरी शंकर ने कहा कि पति-पत्नी  के बीच किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ। इसी में पति ने पत्नी के सीने में गोली मार दी। उस दौरान उनके दो बच्चे भी घर में मौजूद थे जिनकी उम्र 4 साल और 9 साल है। गोली मारने के बाद पति राजकुमार यादव घर से फरार हो गया। परिजन और आसपास के लोग आनन फानन में शालिनी को लेकर जीएमसीएच पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

LEAVE A REPLY