मा० उपाध्यक्ष ने जिला पंचायत सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित सुनीं शिकायतें
मा० उपाध्यक्ष ने महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुचाने के लिए दिये निर्देश
महिला जनसुनवाई में प्राप्त हुई 09 शिकायते
रायबरेली : मा० उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग अपर्णा यादव ने जनपद भ्रमण के दौरान विकास खण्ड हरचंदपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बालिकाओं के से वार्ता कर विद्यालय में मिल रही सुविधाओं/व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बालिकाओं के साथ भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के लिए बेहतर सुविधाएं और शिक्षा प्रदान की जाए।
तत्पश्चात मा० उपाध्यक्ष द्वारा विकास खण्ड हरचन्दपुर के प्यारेपुर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया जहां पर 0 से 06 वर्ष तक के बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य व पोषण के सम्बन्ध में जानकारी ली गयी तथा आंगनबाड़ी केन्द्र पर मा० उपाध्यक्ष द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया तथा केन्द्र पर उपस्थिति आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
इसके पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हरचन्दपुर में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया, कार्यक्रम में नवजात बच्चियों की दादी, नानी, बुआ, मौसी आदि के साथ केक काटकर व 25 महिलाओं को बेबी किट वितरित कर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना के लाभ व महिला आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1800 180 5220 सहित अन्य योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिलाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
इसके पश्चात महिला आयोग मा0 उपाध्यक्ष ने बाल गृह (बालिका) चक धरौरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाल गृह में रह रहे बच्चों की सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बाल गृह में रह रहे बच्चों से बातचीत की और उनसे बाल गृह में मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने बाल गृह के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को बेहतर सुविधाएं और शिक्षा प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। बच्चों को समय पर बेहतर भोजन और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उनकी सुरक्षा और कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी उन्होंने चर्चा की। महिला आयोग की मा० उपाध्यक्ष ने कहा कि बच्चों के मनोरंजन और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक गतिविधियों का आयोजन किया जाए।
इसके उपरान्त मा० उपाध्यक्ष द्वारा जिला पंचायत सभागार में महिला उत्पीड़न व उनकी समस्याओं से जुड़े मुद्दो के बारे में अधिकारियों से समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने जन सुनवाई करते हुए घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, वैवाहिक समस्या, लैंगिक भेदभाव, शिक्षा व रोजगार आदि संबंधी शिकायत सुनी। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए पीड़ित महिलाओ को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि महिलाओं के उत्पीड़न व महिला से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से किया जाये तथा महिलाओं से सम्बन्धित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार ग्राम पंचायत व ग्रामीण स्तर पर कराया जाये। जिन प्रकरणों में अभी कार्यवाही लंबित है उन्हें भी आयोग के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देश है कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई की जाए। महिला जन सुनवाई के दौरान 09 शिकायत प्राप्त हुई जिन्हें शीघ्र निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। मा० उपाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय सुनिश्चित करना राज्य महिला आयोग की प्राथमिकता है और किसी भी पीड़िता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इसी दौरान मा० उपाध्यक्ष द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि हॉस्पिटल में कन्या के जन्म होने पर महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना की जानकारी प्रदान कराते हुए उनको उक्त योजना का लाभ दिलाया जाए, इसके लिए अस्पतालों में पोस्टर व पंपलेट डिस्प्ले कर महिलाओं को जागरूक किया जाए, जिससे शत प्रतिशत महिलाएं योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके, कोई भी लाभ से वंचित न रहें। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार हेतु विद्यालयों के नोटिस बोर्ड पर पंपलेट चस्पा किए जाए, जिससे बच्चों को योजनाओं की जानकारी हो और वह घर जाकर अपने माता पिता को उन योजनाओं की जानकारी दे और वह उसका लाभ उठा सके।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उबैर्दुरहमान, एसएचओ महिला थाना पुष्पा शर्मा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशी सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी वीरेन्द्र पाल, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर शैफाली सिंह, जेण्डर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी, काउंसलर श्रद्धा सिंह, अर्चना सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।































































