रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के नथुआपुर गांव के पास मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 25 वर्षीय युवक चालू हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे काफी समझाया-बुझाया। पिता की मिन्नतों के बाद नीचे उतरते समय संतुलन बिगड़ने से युवक ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के नया पुरवा रतन सिंह गांव का रहने वाला रोहित कोरी (25) पुत्र नन्नू कोरी संदिग्ध परिस्थितियों में नथुआपुर स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया था। उस समय टावर से गुजर रहे तारों में करंट प्रवाहित हो रहा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर बदहवास पहुंचे पिता नन्नू कोरी ने बेटे को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक गुहार लगाई। पिता की बात सुनकर रोहित नीचे उतरने लगा, लेकिन इसी दौरान वह अचानक टावर से नीचे गिर पड़ा।
हादसे के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल रोहित को जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात कही जा रही है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।



























































