बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के शेरी गांव में मंगलवार रात करीब 9:00 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति को अराजक तत्वों द्वारा खंडित किए जाने की खबर फैली।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात जब एक श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचा, तो उसने हनुमान जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और अराजक तत्वों की इस करतूत को लेकर उनमें गहरा आक्रोश फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार और थाना प्रभारी बछरावां श्याम कुमार पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तत्परता दिखाते हुए रात में ही हनुमान जी की नई मूर्ति मंगवाकर ग्रामीणों के सहयोग से उसकी स्थापना कराई।
हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा अभी भी शांत नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में छेड़छाड़ करने वाले दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



























































