ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार में आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा को लेकर शासन और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय एवं अलर्ट है। गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के सफल आयोजन के बाद शुक्रवार से कथा का शुभारंभ होना है। कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तमाम केंद्रीय मंत्रियों, कई प्रदेशों के राज्यपालों तथा देशभर की अनेक गणमान्य हस्तियों के आगमन को देखते हुए शासन स्तर से लगातार व्यवस्थाओं की अपडेट ली जा रही है।
इसी क्रम में एडीजी जोन प्रवीण कुमार, आईजी किरण एस., लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, जिलाधिकारी रायबरेली सुरनीत कौर बरनाल, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ तथा अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कथा स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का गहन जायजा लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कथा स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने और हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय जी से भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए। मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों से कहा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं विशिष्ट अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन स्थल पर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहें।
विशाल जनसमूह और वीआईपी आगमन को देखते हुए शासन-प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का व्यापक खाका तैयार किया है। वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार निगरानी में कथा स्थल से लेकर आसपास के मार्गों तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस एवं प्रशासनिक अमला किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
भव्य कलश यात्रा के बाद अब शुक्रवार से श्री शिव महापुराण कथा के शुभारंभ को लेकर ऊंचाहार सहित पूरे रायबरेली में आस्था और उत्साह का माहौल है। इस विशाल धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने के लिए शासन से लेकर स्थानीय प्रशासन तक पूरी गंभीरता के साथ जुटा हुआ है।


























































