डीएम ने निर्माणाधीन वृहद गो संरक्षण केन्द्र एवं अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का किया औचक निरीक्षण

0
42



रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आज विकासखंड जगतपुर के ग्राम धूता स्थित निर्माणाधीन वृहद गो संरक्षण केन्द्र एवं अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन वृहद गो संरक्षण केन्द्र के कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि डीपीआर के अनुरूप निर्माण कार्य का मिलान कराते हुए गौशाला का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही निर्माण में प्रयुक्त ईंट एवं अन्य सामग्री का तकनीकी परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए। गौशाला में विद्युत कनेक्शन न होने पर तत्काल विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल के निरीक्षण के दौरान पंखे न लगे होने पर जिलाधिकारी ने तत्काल पंखे लगवाने तथा एलीवेटेड प्लेटफॉर्म एवं खड़ंजा निर्माण कराने के लिए खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद की गोशालाओं को आदर्श, स्वावलंबी एवं प्राकृतिक खेती के केन्द्रों के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ऊँचाहार विवेक राजपूत, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 कुलदीप द्विवेदी, खण्ड विकास अधिकारी जगतपुर प्रवीण कुमार, कार्यदायी संस्था तथा एनजीओ के संचालक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY