औरैया, जलौनी माता मंदिर से बीच सड़क ट्राली पलटने से दस श्रद्धालु घायल

0
107

संजय कुमार-औरैया।नवरात्र के अंतिम दिन जालौनी माता मंदिर से झंडा-जवारे चढ़ाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्राली ट्रैक्टर गगदासपुर के पास अनियंत्रित होने से पलट गया। हादसे में उसमें सवार महिलाओं और बच्चों समेत दस श्रद्धालु गंभीर घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन ट्राली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को अयाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। लोगों ने दो ट्रैक्टर चालकों के बीच रेस लगाने के कारण हादसा होने की बात कही है। कुठौंद थाना क्षेत्र के बीहड़ में यमुना नदी के किनारे ग्राम बरीकेपुरवा में बना जालौनी माता का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां नवरात्र पर भक्तों की भीड़ होती है और मन्नत पूरी होने पर भक्त जवारे अर्पित करने आते हैं। रविवार की सुबह अयाना थाना क्षेत्र के मानपुर दासपुर गांव से दो ट्रैक्टर-ट्राली से तकरीबन 50 श्रद्धालु मंदिर में दर्शन व झंडा जवारे अर्पित करने गए थे। पूजन के बाद पूर्वाह्न तकरीबन 11.20 बजे लौट रहे थे। जालौन मार्ग पर गगदासपुर के समीप ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। बताया गया है कि दोनों ट्रैक्टर चालक आपस में रेस लगा रहे थे, जिसकी वजह से पीछे आ रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया था। हादसे में श्रद्धालु ट्राली के नीचे दब गए, चीख पुकार सुनकर आसपास गांव के लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने ट्राली सीधी करके नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया कि घायलों में 45 वर्षीय सोनी, 25 वर्षीय भूरी, रेखा, सोमवती, 12 वर्षीय आकाश व प्रदीप, रीना, विमला, नन्ही देवी समेत 10 श्रद्धालु हैं। सभी को अयाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। गांव में स्वजन को हादसे की जानकारी दी गई है। ट्राली पलटने से जाम के हालत भी बने।

LEAVE A REPLY