उसने अपने ही पिता पर पिस्तौल तान दी। बखेड़े का सारा घटनाक्रम सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद साहिबाबाद से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कार लोन के वेरिफिकेशन से इनकार करने पर एक बेटी ने अपने ही पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी। आरोप है कि पहले गाली-गलौज और हाथापाई हुई। इसके बाद युवती वहां से चली गई। लेकिन करीब 25 मिनट बाद वह अपनी सहेली के साथ दोबारा पहुंची और घर का मेन गेट तोड़कर अंदर घुस गई। इसके बाद पिता और भाभी पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी देने का आरोप है। पूरी वारदात गली में लगे CCTV में कैद हो गई है।
साहिबाबाद क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी का है पूरा मामला
मामला थाना साहिबाबाद क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी का है। पीड़ित पिता हितेश तोमर के मुताबिक उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी। आरोप है कि 8 सितंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे प्रियंका अपनी सहेली के साथ घर पहुंची और कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर पिता से बातचीत की। हितेश तोमर ने वेरिफिकेशन कराने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर प्रियंका ने पिता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी के साथ भी हाथापाई की गई।
घर का दरवाजा तोड़ा, सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई सारी घटना
हंगामा बढ़ा तो पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद युवती वहां से चली गई। लेकिन करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची। आरोप है कि इस बार उसने घर का मेन गेट तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गई। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे परिवार को दहला दिया। आरोप है कि युवती ने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी दी। अपनी जान बचाने के लिए दोनों किसी तरह घर की पहली मंजिल पर पहुंचे। पिस्टल लहराने धमकी देने और हाथापाई की पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। CCTV फुटेज में युवती कथित तौर पर पिस्टल लहराती नजर आ रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश शुरू
मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना साहिबाबाद में आरोपी बेटी प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक आरोपी बेटी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























































