ज्योति त्रिवेदी / धर्म डेस्क : भगवान गणेश शुभ-लाभ के दाता हैं। वह भक्तों की बाधा, संकट, रोग-दोष और दरिद्रता को दूर करते हैं। शास्त्रों के अनुसार श्री गणेश की पूजा का दिन बुधवार है। इस दिन सच्चे मन से गणपति की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है।
शास्त्रों में प्रथम पूजनीय भगवान गणेश की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। प्रथम पूज्य गौरी पुत्र की पूजा के बिना किसी भी देव-देवता की पूजा संपूर्ण नहीं होती है।
इस विधि से करें गणेश जी को प्रसन्न
बुधवार के दिन सुबह स्नान करके गणेश जी को दूर्वा की 11 या 21 गांठ चढ़ाएं। ऐसा करनें से आपको जल्द ही शुभ फल की प्राप्ति हो सकती है।
आप जिस काम को करने की कोशिश करते हैं वह पूरा नहीं होता या हर काम में आपको असफलता मिलती है, तो बुधवार के दिन गणेश जी के इस मंत्र का जाप विधि-विधान से करें। ऐसा करने से आपको सफलता मिल सकती है।
मंत्र-
‘त्रयीमयायाखिलबुद्धिदात्रे बुद्धिप्रदीपाय सुराधिपाय।
नित्याय सत्याय च नित्यबुद्धि नित्यं निरीहाय नमोस्तु नित्यम्।।’
अगर आपके घर में नकारात्मक ऊर्जा का भंडार रहता है और आपने कई उपाय किए है लेकिन आपको कोई फायदा नहीं मिल रहा। तो इस बार बुधवार के दिन अपने घर में गणपति की सफेद मूर्ति स्थापित करें। ऐसा करने से आपके घर की नकारात्मक ऊर्जा खत्म हो सकती है। साथ ही आपके घर मे कभी बुरी शक्तियों का असर नहीं होगा।
आपको धन संबंधी कोई समस्या है। आप अधिक मेहनत भी करते हैं, लेकिन आपको इतना धन नहीं मिलता है कि आप संतुष्ट रह सकें तो बुधवार के दिन श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा करने बाद गुड़ और घी का भोग लगाएं और थोड़ी देर बाद यह भोग गाय को खिला दें। इससे आपकी आर्थिक तंगी दूर हो सकती है।
यदि आपके घर में हमेशा क्लेश रहता है। जिसके कारण आपके परिवार में कभी सुख-शांति नहीं रहती है, तो ऐसे में बुधवार के दिन दूर्वा से बनी हुई प्रतिकात्मक गणेश जी की मूर्ति बनवाएं और उसे अपने घर के पूजा-स्थल में स्थापित करें, साथ ही इनकी रोज विधि-विधान से पूजा करें।
हिंदू धर्म में गाय को माता के समान माना जाता है। बुधवार के दिन गाय को हरी घास खिलाएं। जिससे सभी देवी-देवताओं की कृपा आप पर बनी रहेगी।
गणेश जी को सिंदूर चढ़ाना शुभ होता है। गणेश जी सिंदूर चढ़ाने से सभी परेशानियां दूर होती हैं। बुधवार के दिन गजानन को सिंदूर चढ़ाने से आपकी मनोकामनाएं जल्द पूर्ण हो सकती हैं। सिंदूर चढ़ाते समय इस मंत्र का जाप करें…
मंत्र-
सिन्दूरं शोभनं रक्तं सौभाग्यं सुखवर्धनम्।
शुभदं कामदं चैव सिन्दूरं प्रतिगृह्यताम्।।
बुधवार के दिन गणेश जी को शमी के पत्ते चढ़ाने से बुद्धि तेज होती है साथ ही सभी परेशानियां खत्म होती हैं और मानसिक शांति मिलती है। शमी के पत्ते चढ़ाते समय इस मंत्र का जाप करें जिससे गणेश जी जल्द प्रसन्न होंगे…
मंत्र-
त्वत्प्रियाणि सुपुष्पाणि कोमलानि शुभानि वै।
शमी दलानि हेरम्ब गृहाण गणनायक।।
अगर आपका बुध ग्रह कमजोर है तो बुधवार के दिन किसी गरीब या किसी मंदिर में जाकर हरे मूंग का दान करें। ऐसा करने से आपके बुध ग्रह का दोष शांत हो सकता है।




























































