जनपद रायबरेली के न्यायाधीश ने मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर किया उद्घाटन

0
31


रायबरेली : उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार व सैयद माऊज़ बिन आसिम अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, रायबरेली की अध्यक्षता में रिफॉर्म क्लब में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को विधिक अधिकारों एवं कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करना रहा।
मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर कार्यक्रम में मा० जनपद न्यायाधीश सैयद माऊज बिन आसिम ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर शिविर का उद्घाटन किया। इसके उपरांत दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश ने विधिक सेवा प्राधिकरण एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया तथा उनके माध्यम से आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से आमजन को विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सेवाओं तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जागरूक किया गया, ताकि वे अपने अधिकारों को समझते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाभी, टूल किट, डमी चेक एवं प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा सरकारी सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर मा० जनपद न्यायाधीश ने अपने उद्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन के सहयोग से इस मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को जागरूक करना, उन्हें विधिक रूप से साक्षर बनाना तथा उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। जब लोगों को अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं कानूनी सहायता प्राप्त करने के साधनों की जानकारी होगी, तभी वे आवश्यकता पड़ने पर उचित कानूनी सहायता प्राप्त कर सकेंगे। शिविर के माध्यम से लोगों को विधिक जानकारी के साथ-साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया है, जिससे वे योजनाओं का लाभ प्राप्त कर अपने जीवन स्तर में सुधार ला सकें। उन्होंने आमजन से शिविर में दी गई जानकारियों का लाभ उठाने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में आगामी 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक प्रस्तावित जनगणना के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की।
उक्त मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में प्रतिमा विशेष न्यायाधीश एस0सी0/एस0टी0 एक्ट के द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न निःशुल्क योजना, आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 दिसम्बर 2026 व हेल्पलाइन नं0- 15100 के सम्बन्ध में बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनिशा ने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आगामी 12 दिसम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि लोक अदालत के माध्यम से पात्र वादों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते एवं मध्यस्थता के जरिए कराया जा सकता है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने ऐसे वादों के निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं, जिनका समाधान नियमानुसार सुलह-समझौते के आधार पर संभव है। विधिक सहायता एवं आवश्यक मार्गदर्शन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश भूपेन्द्र राय, अपर जिला जज अनिल पंचम, अमित कुमार पाण्डेय, रामनेत, अजय कुमार-तृतीय, गुणेन्द्र प्रकाश, विनोद कुमार-सप्तम, अभिषेक सिन्हा, अंशुमान पटनायक, पल्लवी प्रकाश, अनुपम शौर्य व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिंह व अन्य न्यायिक मजिस्ट्रेटगण, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० मनोज कुमार शुक्ला, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. मुनेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या, सहायक श्रमायुक्त उमेश यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर०वी० सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा आमजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY