प्यार और झगड़े को फैन के सामने रखने के लिए चर्चित भोजपुरी फिल्मों के पावरस्टार पवन सिंह और सुपरस्टार अक्षरा सिंह के बीच बदलते समीकरण के संकेत नवरात्र के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान मिले हैं। भाजपा के एमएलसी बन चुके भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह ने बिहार के मुंगेर में एक कार्यक्रम के दौरान मंच से ही अक्षरा सिंह को बाबू-बेटा कहकर बुलाया और फिर सॉरी बोलकर माफी भी मांग ली। वहीं, छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से अक्षरा सिंह का मंच से पवन सिंह के नाम पर गाया भजन का वीडियो भी सामने आया है। ये दोनों कार्यक्रम एक ही दिन आयोजित हुए थे या आगे-पीछे, वायरल वीडियो से यह साफ नहीं है, लेकिन दोनों कार्यक्रम इस नवरात्र सीजन के हैं, यह स्पष्ट तौर पर दिख रहा है। पवन सिंह ने अक्षरा सिंह के साथ फिर पर्दे पर नजर आने का संकेत भी मुंगेर में दिया है
पवन सिंह ने मंच से अक्षरा सिंह के गाने गाए और फिर खुले तौर पर माइक हाथ में लेकर कहा- ‘अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बेटा है। उनके पिताजी हमारे भैया हैं। उनकी माताजी हमारी भाभी हैं। मैंने सॉरी बोला ना। एक बार चारों तरफ से ताली हो जाए। कौन-कौन चाहता है कि जोड़ी फिर से नजर आए। आप लोग देखना चाहते हैं। बहुत जल्दी नजर आएंगे। और, मेरे बच्चे को लगता है कि मुझसे गलती हुआ है तो मैं उनको दिल से सॉरी बोलता हूं।’ पवन सिंह आगे कहते हैं- ‘मां-बाप, मां-बाप होते हैं। उनसे बड़ा कोई नहीं होता है, किसी के लिए। तो अक्षरा जी के माता-पिता को मेरे चलते अगर बुरा महसूस हुआ है, अगर गलत लगा है तो मैं भैया-भाभी को दिल से सॉरी बोलता हूं, प्रणाम करता हूं।’ अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में अक्षरा सिंह से एक फैन वह भजन सुनाने की डिमांड करता है, जो अक्षरा सिंह ने लगभग 9 साल पहले पवन सिंह के नाम पर ही भजन के तौर पर गया था। गाने का बोल है- ‘पवन सिंह का गाना बजाके…’। अक्षरा सिंह पहले तो इस गाने की कुछ लाइन गुनगुनाती हैं, फिर फैन से ही इसे गाने कहती हैं और इस दौरान आनंद में मटकती नजर आती हैं। बाद में अक्षरा ने यह गाना पूरा गाया, ऐसा दावा किया गया है। अक्षरा सिंह के इसी कार्यक्रम में एक फैन उनसे कहता है- पवन सिंह का गाना बजा के नहीं, अक्षरा मैडम का गाना बजा के। इस पर अक्षरा सिंह उस फैन को आई लव यू कहतीं है तो जवाब में फैन भी लव यू टू कहता है। अक्षरा का इसी तरह का एक गाना भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के साथ करीब 10 साल पहले से आज तक वायरल है। नीचे, देखिए मुंगेर में पवन सिंह और अंबिकापुर से अक्षरा सिंह के कार्यक्रम का वीडियो।



























































