जाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है। सोनम वांगचुक ने कहा
जलवायु एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने शनिवार को कहा कि विरोध-प्रदर्शन सरकारों को बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करने का एक बेहतरीन तरीका है। उन्होंने श्रीलंका और बांग्लादेश में हुए अशांति के घटनाक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि विरोध प्रदर्शनों की अनुमति नहीं दी जाती है, तो ऐसे हालात पैदा हो सकते हैं। आईपीएफ महोत्सव को संबोधित करते हुए वांगचुक ने कहा कि दुनिया भर के देश खुशी-खुशी विरोध प्रदर्शनों की अनुमति देते हैं और ये प्रदर्शन संसद के ठीक सामने भी होते हैं। वांगचुक ने दावा किया कि सभी देशों में संसद के सामने का स्थान विरोध प्रदर्शन का प्रमुख केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन, नॉर्वे और स्वीडन जैसे देशों में संसद के ठीक सामने विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति है।
वांगचुक ने कहा, ”भारत में विरोध प्रदर्शन संसद से काफी दूर होते हैं। जब प्रदर्शन केवल जंतर-मंतर पर होते थे, तब भी वह जगह बहुत दूर थी।” उनकी यह टिप्पणी कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किए जाने के बीच केंद्र सरकार के कड़े कदम उठाए जाने के मद्देनजर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
‘…श्रीलंका और बांग्लादेश इसके उदाहरण’
विपक्ष ने विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है। वांगचुक ने कहा, ”देखिए, जब विरोध-प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाती, तो क्या होता है। श्रीलंका और बांग्लादेश इसके उदाहरण हैं।” उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन करने के लिए कोई अनुमति नहीं मांगी जानी चाहिए। वांगचुक ने कहा कि अनुमति बस यह देखने के लिए होनी चाहिए कि शहर में क्या हो रहा है, जैसे कि कोई त्योहार वगैरह। ‘अपने ही लोगों और युवाओं के पीछे’
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए वांगचुक ने कहा कि पैरामिलिट्री फोर्स गृह मंत्रालय के तहत आती हैं। वांगचुक ने कहा, “लेकिन वे अपने ही लोगों, मेरे जैसे लोगों, हमारे युवाओं के पीछे हैं।” इस महीने की शुरुआत में जब सीजेपी ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था, तो पैरामिलिट्री यूनिट्स को तैनात करने के लिए केंद्र की आलोचना हुई थी। वांगचुक की यह टिप्पणी लद्दाख प्रशासन द्वारा हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स, लद्दाख (HIAL) को जमीन का अलॉटमेंट रद्द करने के अपने फैसले का बचाव करने के बाद भी आई, जिसमें एक्टिविस्ट द्वारा कानून की अनदेखी का हवाला दिया गया और कहा गया कि बकाया न चुकाने और लीज़ डीड को पूरा न करने के कारण अलॉटमेंट अपने आप खत्म हो गया था।





























































