महर्षि वाल्मीकि जयंती पर 26 अक्टूबर को जनपद में होंगे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वाल्मीकि रामायण पाठ

0
39


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि संस्कृति अनुभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 26 अक्टूबर, 2026 को महर्षि वाल्मीकि जयंती जनपद में भव्य रूप से मनाये जाने के निर्देश दिये गये है। उक्त के क्रम में जनपद के महर्षि वाल्मीकि मंदिरों एवं उनसे संबंधित स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन, दीपदान, वाल्मीकि रामायण पाठ, भजन एवं अन्य भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय मूल्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जनसामान्य को इनसे जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत महर्षि वाल्मीकि मंदिरों एवं संबंधित स्थलों पर 8, 12 अथवा 24 घंटे के अनवरत वाल्मीकि रामायण पाठ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, ध्वनि, प्रकाश तथा दरी-बिछावन आदि की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। आयोजन से पूर्व सक्षम स्तर से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाए। साथ ही, अनवरत रामायण पाठ के लिए रामायण ग्रंथ की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने के साथ ही गायक कलाकारों एवं भजन मंडलियों का चयन कर उन्हें कार्यक्रम के संबंध में पूर्व में ही अवगत करा दिया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि श्रीराम, श्रीहनुमान एवं रामायण से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों तथा मंदिरों का चयन कर वहां भी भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रामायण पाठ एवं भजन आदि का आयोजन कराया जाए। कार्यक्रमों के सुचारू संचालन एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के साथ-साथ आयोजन संबंधी सूचनाएं संस्कृति विभाग के पोर्टल पर अपलोड की जाएं।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के सभी कार्यक्रम आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जी की गरिमा के अनुरूप आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करते हुए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में गठित जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय एवं विकास खंड स्तरीय समितियां शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करेंगी।

LEAVE A REPLY