कैटरीना कैफ को मां बनने के बाद बढ़ें वजन को लेकर ट्रोल किया जा रहा

0
3

अब एक्ट्रेस खुशबू सुंदर कैटरीना को सपोर्ट करती नजर आईं. उन्होंने एक लंबा पोस्ट शेयर कर कई सवाल उठाए. बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ बॉडी शेमिंग का शिकार हो गई हैं. मां बनने के बाद हाल ही में जब वो पब्लिकली नजर आईं तो कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रेग्नेंसी के बाद उनके शरीर में आए बदलावों को लेकर कमेंट करना शुरू कर दिया. एक्ट्रेस ने इस पर कोई रिएक्शन नहीं दिया, लेकिन उनके फैंस और कई सेलेब्स उनके सपोर्ट में उतर आए. अब एक्ट्रेस और नेता खुशबू सुंदर ने भी कैटरीना का सपोर्ट किया है. 

खुशबू सुंदर ने शेयर किया लंबा नोट
एक्ट्रेस और पॉलिटिशियन खुशबू सुंदर ने अपने इंस्टाग्राम और एक्स पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए महिलाओं के शरीर को लेकर होने वाली इस तरह की चर्चा पर सवाल उठाए. उन्होंने लिखा, एक महिला की उम्र को हमेशा चर्चा का विषय क्यों बना दिया जाता है? जैसे ही कोई महिला एक उम्र पार करती है, समाज उसे इस तरह आंकना शुरू कर देता है, ‘क्या वो अभी भी अपने प्राइम में है?’, ‘क्या उसने खुद को मेंटेन रखा है?’, ‘अब वो अलग क्यों दिख रही है?’, ‘क्या उस पर उम्र दिखने लगी है?’

खुशबू सुंदर ने उठाए सवाल
खुशबू नोट में लिखा कि पुरुषों के मामले में ऐसा जुनून कहां चला जाता है? उन्होंने आगे लिखा, ‘एक आदमी गंजा हो जाए तो उसे सम्मानित समझा जाता है. किसी आदमी की कमर 40 इंच हो जाए तो कोई ये नहीं पूछता कि उसका प्राइम कहां गया. किसी आदमी के बाल सफेद हो जाएं तो वो अचानक ‘सॉल्ट एंड पेपर हैंडसम’, ‘मैच्योर’ और ‘चार्मिंग’ कहलाने लगता है. जब कोई पुरुष उम्रदराज होता है तो उसे अपने अनुभव के साथ और आकर्षक होने की इजाजत मिलती है. लेकिन जब कोई महिला उम्रदराज होती है तो अचानक उसकी हर झुर्री, हर बढ़ा हुआ किलो, हर सफेद बाल और उसके शरीर में आया हर बदलाव लोगों के बीच चर्चा का विषय बन जाता है.’

खुशबू ने आगे सवाल किया कि आखिर समाज को यह तय करने का अधिकार किसने दिया कि किसी महिला का ‘प्राइम’ क्या है और वह कब इससे बाहर हो गई. उन्होंने यह भी पूछा कि बच्चे को जन्म देने के बाद किसी महिला से पहले जैसा ही दिखने की उम्मीद क्यों की जाती है. 

कैटरीना को  किया डिफेंड
कैटरीना को डिफेंड करते हुए खुशबू सुंदर ने लिखा, ‘कैटरीना कैफ खूबसूरत थीं, हैं और हमेशा रहेंगी. एक ऐसी महिला होने के नाते, जिसने खुद मां बनने और शरीर में आए बदलावों का अनुभव किया है, मैं इस सफर को गहराई से समझती हूं. मैं जानती हूं कि अपने शरीर को लेकर जज किए जाने पर कैसा महसूस होता है. जब मेरा वजन ज्यादा था, तब मेरा मजाक उड़ाया जाता था और यहां तक कि मुझे ऐसी महिलाओं का किरदार निभाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था, जिन्हें ‘मोटी और बदसूरत’ दिखाया जाता था. आज वजन कम करने के बाद मुझसे पूछा जाता है, या यूं कहें कि समाज ने ये मान लिया है कि मैं इंजेक्शन ले रही हूं. लेकिन समाज में ऐसे कितने लोगों ने मेरे लिए इन इंजेक्शन्स के पैसे दिए हैं?’

खुशबू सुंदर ने आगे लिखा, ‘कैटरीना, तुमने हमेशा अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जी है. आगे भी ऐसा ही करती रहो. तुम्हें अपने शरीर के लिए किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है. तुम्हें मां बनने के लिए किसी को जवाब देने की जरूरत नहीं है. वजन बढ़ने के लिए किसी को जवाब देने की जरूरत नहीं है. अब तुम जैसी दिखती हो, उसके लिए भी तुम्हें किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है.’

मयूरी सिंह एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट है और एबीपी लाइव के लिए बतौर इंटर्न काम कर रही हैं. ओटीटी की खबरों पर पर इनकी खास पकड़ है और वे वेब सीरीज, फिल्मों और पॉडकास्ट से जुड़ी ताजा खबरों पर लगातार नजर रखती हैं. मयूरी मनोरंजन जगत की नई रिलीज, ट्रेंडिंग कंटेंट और डिजिटल स्टोरीटेलिंग से जुड़े विषयों को सरल और आकर्षक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाती हैं. ओटीटी और पॉडकास्ट इंडस्ट्री की अपडेट्स, इनसाइट्स और ट्रेंड्स को कवर करना इनके लेखन की खासियत है.

LEAVE A REPLY