डीएम की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

0
43


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में वीबी जीरामजी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सहित ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए आवास निर्माण की प्रगति पर नजर बनाए रखने तथा स्वीकृत आवासों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों को शासन द्वारा अनुमन्य सुविधाओं एवं संबंधित योजनाओं का लाभ भी समय से उपलब्ध कराने, फैमिली आईडी की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पात्र परिवारों का डाटा अद्यतन एवं सत्यापित रखने तथा फैमिली आईडी से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे निरंतर जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सुधीर गिरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY