रायबरेली। डलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे भवानी मजरे रामपुर गहिरखेत गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक 27 वर्षीय पोते ने पारिवारिक खुन्नस के चलते अपने ही 91 वर्षीय बुजुर्ग दादा पर फावड़े से हमला कर दिया, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे भवानी गांव में घर पर सो रहे 91 वर्षीय परमेश्वर यादव पर उनके सगे पोते रूपेश उर्फ सरवन यादव (27 वर्ष) ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद परिजन गंभीर रूप से घायल वृद्ध को प्राथमिक उपचार के लिए सीएससी डलमऊ ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल और फिर एम्स रायबरेली रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में मृतक की बहू सुमन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पोते को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश और खुन्नस की बात सामने आई है।

































































