डीएम ने कौशल विकास मिशन के अन्तर्गत जनपद में संचालित निजी एवं राजकीय प्रशिक्षण प्रदाताओं की प्रगति की समीक्षा की

0
35


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अन्तर्गत जनपद में संचालित निजी एवं राजकीय प्रशिक्षण प्रदाताओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन विवेक कुमार तिवारी ने विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की वित्तीय वर्षवार प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान स्टेट स्किल डेवलपमेंट फण्ड (एसएसडीएफ), प्रोजेक्ट प्रवीण एवं दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयूजीकेवाई) की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने राजकीय एवं अनुदानित माध्यमिक विद्यालयों में संचालित प्रोजेक्ट प्रवीण योजना की विद्यालयवार जानकारी लेते हुए निर्धारित कौशल विकास कक्षाओं का नियमित रूप से संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसडीएफ योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन कराए जाने के लिए शासन को पत्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जनपद में स्थापित राजकीय आईटीआई में प्रवेशित अभ्यर्थियों की स्थिति की समीक्षा की गई। नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के अन्तर्गत 29 या उससे अधिक कर्मचारियों वाली सभी इकाइयों को योजना से जोड़कर अधिक से अधिक युवाओं को अप्रेन्टिशिप का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने इंडिया स्किल कॉम्पटीशन-2026 के अन्तर्गत आईटीआई, पॉलिटेक्निक, फिरोज गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) सहित अन्य तकनीकी संस्थानों को अधिक से अधिक कुशल अभ्यर्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए, ताकि जनपद के युवा जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कौशल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
बैठक में राजकीय एवं निजी प्रशिक्षण प्रदाता, राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य, जिला सेवायोजन अधिकारी, पालीटेक्निक के प्रधानाचार्य, निफ्ट के पदाधिकारी, एमआईएस प्रबंधक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY