भारत में बैन लगने के बावजूद अमेजन और फ्लिपकार्ट पर ‘मेड इन इंडिया’ बताकर ये प्रोडक्ट्स बेचे जा रहे थे. भारत में बैन होने के बावजूद पाकिस्तान के हानिकारक कॉस्मैटिक प्रोडक्ट्स यहां के बाजारों में तेजी से पैर पसार रहे हैं. इसे लेकर सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइज़ेशन (CDCSO) के कॉस्मेटिक्स डिवीजन ने एक पब्लिक हेल्थ अलर्ट जारी किया है. इसमें बिना इम्पोर्ट रजिस्ट्रेशन वाले दो ब्यूटी प्रोडक्ट्स की जानकारी दी गई है, जो अभी भारतीय बाजारों में बिक रहे हैं.
किन ब्यूटी प्रोडक्ट्स की हो रही बात?
भारत में लोगों से पाकिस्तानी कॉस्मेटिक ब्रांड ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ (Goree Beauty Cream) और ‘चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम’ (Chandni Whitening Cream) को खरीदने और इस्तेमाल करने के खिलाफ सख्त चेतावनी दी जा रही है क्योंकि इनसे स्किन खराब हो सकती है और सेहत बिगड़ सकती है. दुकानों को भी इन प्रोडक्ट्स को न बेचने की चेतावनी दी गई है.
Show Quick Read
प्रोडक्ट्स में हैं खतरनाक केमिकल्स
CDCSO ने लैब टेस्टिंग में पाया गया है कि इन दोनों क्रीमों में पारा (Mercury) और लेड (सीसा) जैसे भारी विषैले तत्व तय कानूनी सीमा से कई गुना ज्यादा (कुछ मामलों में 52 गुना अधिक) हैं. इनके लंबे समय तक इस्तेमाल से त्वचा झुलसने के साथ-साथ किडनी फेलियर (मेम्ब्रेंस नेफ्रोपैथी) और नसों से जुड़ी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं.
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड ने पाकिस्तान के साथ सभी तरह के व्यापार पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी. इसमें सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से सामान का आयात, निर्यात और ट्रांजिट (एक जगह से दूसरी जगह ले जाना) शामिल हैं.
‘मेड इन इंडिया’ का फर्जी लेबल
सबसे ज्यादा डराने वाली बात यह है कि ये प्रोडक्ट्स Amazon, Flipkart, Meesho और Tata 1mg जैसे ई-कॉमर्स साइट्स पर इन ‘मेड इन इंडिया’ बताकर बेचे जा रहे हैं.यानी कि पैकेट के सामने ‘मेड इन इंडिया’ का फर्जी लेबल लगा हुआ है. जब ग्राहक ऑर्डर डिलीवर होने पर डिब्बे को पीछे पलटकर देख रहे हैं, तो उस पर ‘Made in Pakistan’ लिखा हुआ है.
अमेजन के एक प्रवक्ता ने बिजनेस स्टैंडर्ड से बात करते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म आम तौर पर सेलर्स से प्रोडक्ट लिस्ट करने के लिए कहता है. अब यह जांचा जाएगा कि वे भारतीय कानूनों और अमेजन की पॉलिसी दोनों का पालन करते हैं या नहीं. फिलहाल अमेजन ने Goree ब्यूटी क्रीम को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है.
अरिजीता सेन एबीपी लाइव के बिजनेस डेस्क पर बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर काम कर रही हैं. पत्रकारिता जगत में करीब आठ साल का अनुभव है. बिज़नेस के साथ-साथ क्राइम, फीचर और राजनीति से जुड़ी खबरों में भी रुचि रखती हैं. एबीपी से पहले कई संस्थानों में अपनी सेवा दे चुकी हैं.


























































