रायबरेली : मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अवसंरचनात्मक संबंधी कार्यों एवं लघु सिंचाई विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा तथा प्रगति में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में लघु सिंचाई विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, सहायक अभियंता लघु सिंचाई पंकज राय, एकता त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

























































