रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आज अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की स्मृति में निर्माणाधीन सभागार एवं पुस्तकालय का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परियोजना के फेज-1 का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण पाया गया। सभागार में लाइट, साउंड सिस्टम सहित अन्य आवश्यक कार्य भी पूर्ण हो चुके हैं। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि परियोजना के फेज-2 में स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्माणाधीन पार्किंग के कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सुधीर गिरि, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के अवर अभियंता विनय कुमार, सहायक प्रोजेक्ट अभियंता संदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






















































