रायबरेली: जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन

0
35


रायबरेली : जनपद के राही ब्लॉक स्थित ग्राम ताला गोपालपुर (पोस्ट मेजरगंज) की जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की मुख्य संपर्क मार्ग, जिसका निर्माण जिला पंचायत द्वारा कराया गया था, वर्तमान समय में अत्यंत जर्जर और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुकी है।
ग्राम निवासी कुलदीप सिंह ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में बताया कि सड़क पूरी तरह टूट चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे आम जनमानस, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और सड़क के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाए। साथ ही की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ता को अवगत कराने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

LEAVE A REPLY