रायबरेली : केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने आदित्य बिड़ला एजुकेशन ट्रस्ट की पहल Mpower के साथ अपने समझौते को तीन वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। इस पहल का उद्देश्य बल के जवानों और उनके परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श सेवाएँ उपलब्ध कराना है।
CISF और Mpower के बीच 2021 में ‘प्रोजेक्ट मन’ के नाम से यह कार्यक्रम शुरू किया गया था। पिछले एक वर्ष में लगभग 75 हजार से अधिक कर्मियों और उनके परिजनों ने इस योजना का लाभ उठाया। अब इसे वर्ष 2024-25 और आगे के लिए भी विस्तारित किया गया है।
फिलहाल CISF के 23 सेक्टरों में 23 काउंसलर और मनोवैज्ञानिक सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। नए समझौते के बाद यह संख्या बढ़ाकर 30 की जाएगी और सेवाओं का दायरा पटना, अहमदाबाद, प्रयागराज, भोपाल/इंदौर, जम्मू, चंडीगढ़, जयपुर और कोलकाता जैसे नए शहरों तक ले जाया जाएगा।
इस कार्यक्रम के तहत कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने, तनाव और नकारात्मक सोच को कम करने, समय पर मानसिक समस्याओं की पहचान करने और परिवार व सामाजिक संबंधों में सामंजस्य बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
CISF महानिदेशक श्री राजेश सिंह भट्टी ने कहा कि “हमारे कर्मियों का कल्याण सर्वोपरि है। इस पहल से बल के जवानों को मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सुविधा मिलेगी।”
वहीं Mpower की संस्थापिका और अध्यक्ष श्रीमती नीरजा बिड़ला ने कहा कि “CISF के साथ साझेदारी मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे बल और उनके परिवारों को दीर्घकालिक सहयोग मिलेगा।”


























































