महाशिवरात्रि के दिन जरूर करें भगवान शिव के इन चमत्कारी मंत्रों का जाप

0
203

धर्म डेस्क / ज्योति त्रिवेदी : “हाथों में डमरू और गले में नाग विराजे है, तीनों लोकों में महादेव, शिव शम्भू का डंका बाजे है!” देवों के देव कहे जाने वाले भगवान शिव, अपने भक्तों पर समान रूप से कृपा करते हैं और उनकी रक्षा के लिए सदैव उपस्थित रहते हैं। फिर चाहे वे भक्त, देव हों या राक्षस और या फिर मानव। उनकी कृपा का फल समान रूप से सबको प्राप्त होता है। भगवान शिव एक ऐसे देव हैं, जो शीघ्र प्रसन्न होते हैं। इसी कारण, उन्हें, आशुतोष भी कहा जाता है।

शिवरात्रि के दिन, जो कोई भक्त, भगवान शिव की आराधना करता है, भोले शंकर उसके सभी दुखों को हरकर उसे सुख, प्रसन्नता और आर्थिक समृद्धि प्रदान करते हैं। कहते हैं कि शिवरात्रि के मौके पर किए गया रुद्राभिषेक, जप, पूजा और पाठ का फल, चार पहर की पूजा के बराबर प्राप्त होता है। मान्यता है कि अगर एक बार भगवान भोलेनाथ की कृपा किसी पर हो जाए तो उसकी हर परेशानी और दुख का नाश हो जाता है और साथ ही उसका जीवन खुशहाली से भर जाता है।

साथ ही ऐसा भी माना जाता है कि अगर सुख, शांति, धन, समृद्धि, सफलता, प्रगति, संतान, प्रमोशन, नौकरी, विवाह, प्रेम और बीमारी से मुक्ति जैसी आपकी कोई कामना है, तो महाशिवरात्रि के दिन इन मत्रों का जाप जरूर करें। ये ऐसे मंत्र हैं, जो वैसे तो कभी भी जपने से फलदायी साबित होते हैं, लेकिन महाशिवरात्रि के दिन, महादेव को समर्पित मन्त्रों का जाप करना विशेषफलदायी माना जाता है। आइए जानते हैं इन मंत्रों के बारे में….

भगवान शिव के चमत्कारी मंत्र

ॐ नम: शिवाय
मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव के इस मंत्र का जाप करने से व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और साथ ही उसके जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इस मंत्र के जाप से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं।

ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम् |
उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात् ||
यह भगवान शिव को समर्पित महामृत्युंजय मंत्र है, जिसे बहुत ही कारगर माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महाशिवरात्रि के दिन, महामृत्युंजय मंत्र का जाप करने से भक्तों को आरोग्यता का आशीर्वाद प्राप्त होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

ॐ नमो भगवते रुद्राय नम:
इस मंत्र को रूद्र मंत्र के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि शिवरात्रि व्रत के दिन, भगवान शिव के इस प्रिय ‘रूद्र मंत्र’ का जाप करने से व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और साथ ही हर प्रकार की समस्याएं भी दूर होने लगती हैं।

ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि, तन्नो रुद्र: प्रचोदयात्


हिन्दू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव के गायत्री मंत्र का महाशिवरात्रि के दिन जाप करने से सभी सिद्धियों की प्राप्ति होती है और व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। साथ ही पारिवारिक और वैवाहिक जीवन में आ रही बाधाएं भी दूर होने लगती हैं।

अगर आप भी भगवान शिव की विशेष कृपा पाना चाहते हैं तो इस महाशिवरात्रि पर महादेव का रुद्राभिषेक एवं उनके मन्त्रों का सच्चे मन से उच्चारण करें। ऐसा करने से आपके जीवन की सारी परेशानियां और दुख दूर हो सकते हैं और साथ ही घर में सुख-शांति और समृद्धि का वास भी हो सकता है।

LEAVE A REPLY