बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में संजय सक्सेना हत्याकांड के मुख्य आरोपी राजेश गुर्जर को पुलिस ने रामगंगा पुल के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया।
रामगंगा पुल के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपी राजेश गुर्जर के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। इसी मामले में तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उधर, संजय की पत्नी ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की थी। मामला बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार राजेश गुर्जर के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। गोली लगने के बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, इसी मुकदमे में वांछित कृष्णा गोस्वामी, राहुल तेली और धीरज गुर्जर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मेले से लौटते समय संजय और दोस्त पर हुआ था हमला
यह वारदात 22 अक्टूबर की रात की है। सुभाषनगर के शांति विहार कॉलोनी निवासी संजय सक्सेना अपने दोस्त मोनू के साथ बाइक से मेला देखकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि होली चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान संजय के दोस्त मोनू मौके से भाग निकले थे। संजय की बहन साक्षी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश को विवाद की वजह बताया है। पुलिस के मुताबिक, संजय का पहले भी कुछ आरोपियों से झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते मेले से लौटते समय उन्हें और उनके दोस्त को निशाना बनाया गया। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है।
पुलिस का कहना है कि इस मुकदमे में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। अब राजेश गुर्जर समेत चार और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कुल संख्या आठ हो गई है। पुलिस ने यह भी कहा है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






























































