शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के दृष्टिगत ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

0
35


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशों के क्रम में आगामी शारदीय नवरात्रि एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों, प्रमुख देवी स्थलों, दुर्गा पूजा पंडालों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके और त्योहारों का आयोजन स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो।
आगामी त्योहारों यथा शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा, महाष्टमी, राम नवमी, दशहरा, महर्षि वाल्मीकि जयंती, धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा, छठ पूजा एवं कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर यह अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान धार्मिक स्थलों एवं पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई, कूड़ा-करकट का उचित निस्तारण तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने पंचायती राज विभाग के सभी सफाई कर्मियों एवं जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों के सचिवों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि ग्राम पंचायतों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों, प्रमुख देवी मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराई जाए तथा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि धार्मिक आयोजनों के दौरान संबंधित स्थलों पर स्वच्छता बनी रहे और कहीं भी अनावश्यक रूप से कूड़ा-करकट एकत्र न होने पाए। सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को अपने-अपने विकासखंडों में अभियान की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों एवं सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। अभियान के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY