यही नहीं इसको लेकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी है. उतर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक पति ने अपनी पत्नी पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और धमकाने का आरोप लगाया है. पीड़ित पति का दावा है कि पत्नी के साथ उसके परिवार के लोग भी उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं. धर्म परिवर्तन नहीं करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
शनिवार को पीड़ित पति हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की. वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
रिलेटेड स्टोरी >>
दरअसल, नगर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला निवासी रविंद्र कुमार हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा था. रविंद्र का आरोप है कि उसकी शादी दिसंबर 2017 में गोल्डी नाम की युवती से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी. दोनों की दो बेटियां हैं. रविंद्र का दावा है कि शादी के कुछ समय बाद उसे पत्नी और उसके परिवार के ईसाई धर्म से जुड़े होने की जानकारी हुई. आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उस पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जाने लगा.
धमकी और दबाब का आरोप
पीड़ित पति का आरोप है कि लगातार उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं. रविंद्र का यह भी दावा है कि उसके भाई और परिवार के अन्य लोगों को भी धमकियां दी जा रही हैं. रविंद्र ने अधिकारियों को अपनी शिकायत देते हुए मामले की जांच कराने और पत्नी के कथित दबाव से राहत दिलाने की मांग की है. उसका कहना है कि वह सनातन धर्म नहीं छोड़ना चाहता और इसी वजह से उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है.
पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि उसके पास पत्नी और उसके परिवार से जुड़े कुछ वीडियो, फोटो और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं. उसने पुलिस और प्रशासन से इन सभी साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने की शिकायत मिली है. पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
अभिषेक चौधरी मुजफ्फरनगर की खबरों पर नजर रखते हैं. राजनीतिक, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर लिखते है































































