बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक शर्मनाक मामला सामने आया है। कमासिन थाना क्षेत्र के ओझानगर में जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर एक कलयुगी बेटे ने अपने ही 85 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओझानगर निवासी 85 वर्षीय शंकर गुप्ता बेहद कमजोर स्थिति में हैं। आरोप है कि उनके छोटे बेटे कुशल गुप्ता ने संपत्ति विवाद के चलते पिता के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। पीड़ित बुजुर्ग के बड़े बेटे कैलाश का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में पूर्व में भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा मामले को नजरअंदाज किया जाता रहा।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
मारपीट की इस घटना में बुजुर्ग पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। परिजनों द्वारा उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और आरोपी बेटे के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

































































