जनपद रायबरेली में जन्मदिन की खुशियां बच्चों के साथ साझा कर आयोजित किया गया ‘तिथि भोज

0
59


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में विकासखंड अमावां की ग्राम पंचायत बहादुरनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में ‘तिथि भोज’ उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ खुशियां साझा करने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहभागिता एवं आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
तिथि भोज का आयोजन लखनऊ वित्त विभाग में तैनात रायबरेली निवासी समीक्षा अधिकारी अभिषेक गोस्वामी द्वारा अपने जन्मदिवस के अवसर पर किया गया। उन्होंने अपने जन्मदिन की खुशियों को विद्यालय के बच्चों के साथ साझा करते हुए उन्हें स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया। इस पहल के माध्यम से बच्चों के प्रति अपनत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का सकारात्मक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। तिथि भोज के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह एवं खुशी का वातावरण रहा। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया तथा आयोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि ‘तिथि भोज’ जैसी पहल समाज के विभिन्न वर्गों को बच्चों के साथ जुड़ने और उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर प्रदान करती है। ऐसे आयोजन बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के साथ-साथ उनमें सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करते हैं। जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों पर जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों के साथ खुशियां साझा करना समाज में संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नीलम सिंह, ग्राम विकास अधिकारी शिवेंद्र सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अबशारुल मेराज जाफरी, सहायक अध्यापक राज भरत राजभर, जय सिंह यादव, शिखा सिंह, मंगेशलता, शिक्षामित्र शिव सागर एवं सीता सिंह एवं ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।

LEAVE A REPLY