उनकी आज सीएम योगी से भी मुलाकात होगी क्योंकि सीएम योगी आज अयोध्या जा रहे हैं। अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनने के बाद आज रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से होगी। सीएम योगी आज अयोध्या जा रहे हैं और रामलला के दर्शन करेंगे। रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भी आज सुबह ही ट्रेन से अयोध्या पहुंचे हैं। 2 सितंबर को राम मंदिर के सीईओ के रूप में हुआ था नाम का ऐलान
बीते 2 सितंबर को ही जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मोहर लगी थी कि वह राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। जितेंद्र मिश्रा मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं और 4 महीने पहले 30 अप्रैल 2026 को ही भारतीय वायु सेना से रिटायर हुए हैं। वह रिटायर्ड एयर मार्शल हैं और उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और कारगिल युद्ध में भी अहम भूमिका निभाई थी। वह वायुसेना के पश्चिमी कमान के चीफ रहे हैं। उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (एसवाईएसएम), अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और विशिष्ट सेवा मेडल (वीएसएम) से भी सम्मानित किया जा चुका है।
गौरतलब है कि राम मंदिर के दान में चोरी के मामले ने काफी तूल पकड़ा था और देश-दुनिया में इस मामले की चर्चा हुई थी। चोरी का मामला सामने आने के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा को उनके पद से हटा दिया गया था। इसके बाद ये तय किया गया था कि ट्रस्ट के लिए एक सीईओ की नियुक्ति की जाएगी।
राम मंदिर ट्रस्ट के 3 नए ट्रस्टी भी बनाए गए
जब राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ का ऐलान किया गया, उसी दौरान 3 नए ट्रस्टी भी बनाए गए। दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को नया ट्रस्टी बनाया गया था।


























































