रायबरेली : सिंचाई विभाग में कार्यरत श्याम सुंदर प्रारूपकार का चयन उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज हॉकी टीम में होने पर विभाग एवं जनपद में हर्ष का माहौल है। वर्तमान में श्याम सुंदर अधिशासी अभियंता, शारदा सहायक खंड-45, रायबरेली कार्यालय में प्रारूपकार के पद पर कार्यरत हैं।
उत्तर प्रदेश से कुल 18 खिलाड़ियों का चयन अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज हॉकी प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जिसमें श्याम सुंदर का नाम शामिल होना जनपद के लिए गौरव की बात मानी जा रही है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 17 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक अशोकनगर, गुमान खेड़ा, दिल्ली में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने हेतु उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज टीम 15 फरवरी 2026 को लखनऊ से प्रस्थान करेगी।
श्याम सुंदर पूर्व में भी उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से विभाग व प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं। उनके पुनः चयन पर अधिशासी अभियंता रामाशंकर राय, सहायक अभियंता कमलेंद्र सिंह चौहान, लेखा अधिकारी सुश्री नेहा सिंह, प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार, जिला मंत्री अनिकेत यादव, तबरेज अहमद, अजय प्रताप, उमेश कुमार सहित विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
विभागीय साथियों ने आशा व्यक्त की है कि श्याम सुंदर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाएंगे।





























































