क्यूआर कोड स्कैन कर, पोर्टल पर लिखकर या बोलकर जनपदवासी दें सुझावः डीएम
रायबरेली : विकसित भारत-2047 की अवधारणा को साकार करने हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रदेश को 2047 तक एक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया है। उत्तर प्रदेश सरकार का महत्वाकांक्षी अभियान समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश-2047 अब रायबरेली से भी रफ्तार पकड़ेगा। इस अभियान के तहत जिले में दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें बीते आठ वर्षों की विकास यात्रा पर चर्चा के साथ आने वाले बाईस वर्षों का रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसके लिए जनपद का नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा को बनाया गया है। साथ में प्रबुद्ध जन में सेवानिवृत्त आईएएस वीरेंद्र कुमार सिंह, सेवानिवृत्त कर्नल बी0 आर0 कुशवाहा, सेवानिवृत्त प्रोफेसर जितेंद्र कुमार, वरिष्ठ वैज्ञानिक कौशलेष कुमार सिंह, सेवानिवृत्त अभियंता शेखर अग्रवाल इस संवाद कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया है। इस मिशन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है और इसी उद्देश्य से विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है। यह डॉक्यूमेंट अर्थशक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति जैसे थीम पर आधारित होगा और इसमें कृषि, पशुधन संरक्षण, औद्योगिक विकास, आईटी व इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, पर्यटन, नगर एवं ग्राम्य विकास, अवस्थापना, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा व सुशासन जैसे 12 प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस किया जाएगा।
डीएम हर्षिता माथुर ने बताया है कि शासन द्वारा नामित प्रबुद्धजन व नोडल अधिकारी 12 से 13 सितम्बर तक जिले में भ्रमण कर विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे। संवाद कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों, उद्यमियों, किसानों, स्वयंसेवी संगठनों, श्रमिक संगठनों, मीडिया और आम जनता की राय ली जाएगी ताकि सभी वर्गों का योगदान इस मिशन में शामिल हो सके। जिलाधिकारी ने अपील की है कि जिले का हर नागरिक आगे बढ़कर अपने सुझाव दे। इसके लिए सूचना विभाग की ओर से लगाए गए हॉर्डिंगों पर क्यूआर कोड अंकित है जिसे स्कैन कर अथवा पोर्टल https://samarthuttarprad esh.up.gov.in पर लिखकर या बोलकर विचार प्रस्तुत किए जा सकते हैं। यह पूरी तरह निःशुल्क सुविधा है।





























































