हिन्दी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यक्रम सम्पन्न

0
152


रायबरेली : उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमित पाल सिंह के निर्देशानुसार व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली के तत्वावधान ए0डी0आर0 सेन्टर छजलापुर, रायबरेली में हिन्दी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अनुपम शौर्य अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बताया गया कि 14 सितंबर को हिंदी दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि 14 सितंबर, 1949 को भारत की संविधान सभा ने हिंदी भाषा को देवनागरी लिपि के साथ देश की आधिकारिक राजभाषा का दर्जा दिया था। इस दिन को राष्ट्र में हिंदी भाषा के महत्व को बढ़ाने और उसके प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से हर साल राष्ट्रीय हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देना और लोगों को इसके महत्व से अवगत कराना है। इस अवसर पर सुधा रानी सदस्या स्थायी लोक अदालत के द्वारा बताया गया कि हिंदी दिवस भारत की सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है, जो देश की भाषाई विविधता में एकता लाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रीति पाण्डेय सदस्या स्थायी लोक अदालत के द्वारा बताया गया कि 1949 के बाद, 1953 में पहली बार हिंदी दिवस मनाया गया था। आज भी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संगठनों में हिंदी भाषा के महत्व को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर मध्यस्थ अधिवक्ता पूनम त्रिवेदी द्वारा आम लोग के मध्य मधुर एवं सौहार्दपूर्ण सम्बन्ध बनाने के लिए हिन्दी भाषा का प्रयोग किये जाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। नवनियुक्त पराविधिक स्वयं सेवक रुचिता यादव के द्वारा हिन्दी भाषा के प्रयोग की सहजता एवं भावानाओं को उचित रुप से समझने एवं व्यक्त करने की प्रबलता को समझाया गया। उक्त शिविर में पराविधिक स्वयं सेवकगण व मध्यस्थ अधिवक्तागण अलका सिंह राजपूत, अर्चना चौधरी, मीना कुमारी व चन्द्रशेखर यादव उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY