रायबरेली : आज दिनांक 06 दिसंबर 2025 को पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रायबरेली में भव्य पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय की पूर्व छात्राओं को एक मंच पर जोड़ना, उनकी उपलब्धियों को साझा करना तथा विद्यालय और समाज के विकास में उनके योगदान को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानाचार्य डॉ. स्मिता मिश्रा और पूनम सिंह (अध्यक्ष कमला फाउंडेशन रायबरेली)—द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संगीत शिक्षिका श्रीमती आकांक्षा सिंह के निर्देशन में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना व स्वागत गीत ने सभी का मन मोह लिया। सभी पूर्व छात्राओं का तिलक एवं बैज अलंकरण कर उनका गरिमामयी स्वागत किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों—नृत्य एवं गीतों—ने सम्मेलन की शोभा को और बढ़ाया, जिन्हें उपस्थित अतिथियों व पूर्व छात्राओं ने अत्यंत सराहा।
कार्यक्रम में अनेक प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत पूर्व छात्राएँ—पूनम सिंह (अध्यक्ष कमला फाउंडेशन रायबरेली) ,नूपुर गुप्ता (कॉस्मोलॉजिस्ट), नेहा सिंह (प्रधानाचार्य बालाजी पब्लिक स्कूल), श्रीमती करुणा (प्रधानाध्यापिका यूपीएस नवाबगंज), अनुराधा मिश्रा (नगर पालिका रायबरेली), पूजा तिवारी (महिला कल्याण विभाग), शेफाली सिंह (महिला कल्याण विभाग), रीना गौतम (खेल शिक्षिका), तथा मीना सिंह (प्रधानाचार्य जेपीएस पब्लिक स्कूल), अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और विद्यालय में बिताए अपने अनुभव, संघर्ष, उपलब्धियाँ और छात्राओं के लिए प्रेरणादायक संदेश साझा किए। उप-प्रधानाचार्य सुनीता सिंह ने सभी पूर्व छात्राओं का परिचय कराते हुए विद्यालय के गौरवशाली इतिहास एवं इसके पीएम श्री विद्यालय के रूप में चयनित होने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।
अपने उद्बोधन में प्रधानाचार्य डॉ. स्मिता मिश्रा ने कहा कि पूर्व छात्र किसी भी संस्थान की सर्वश्रेष्ठ पूँजी होते हैं। उन्होंने विद्यालय में चल रही शैक्षिक योजनाओं, पीएम श्री योजना के अंतर्गत किए जा रहे उन्नयन कार्यों तथा विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षण केंद्र बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. स्मिता मिश्रा, उप-प्रधानाचार्य सुमन सिंह एवं श्रीमती सुनीता सिंह द्वारा सभी पूर्व छात्राओं को स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस भव्य सम्मेलन को सफल बनाने में पूरे विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर शिक्षिका पूर्णिमा गुप्ता, रचना सिंह, सरोज कुमारी, सीमा, माधवी पाण्डेय, दीपमाला दीक्षित, सिम्पी सिंह, अनुकृति गुप्ता, उषा कुमारी, ममता देवी, अन्नू सिंह, ज्योतिशिखा, अनुराधा श्रीवास्तव, आरती श्रीवास्तव, ममता त्रिपाठी, प्रियंका श्रीवास्तव आदि शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन ऋचा राय द्वारा किया गया। यह आयोजन न केवल पूर्व छात्राओं के पुनर्मिलन का अवसर बना, बल्कि विद्यालय एवं समुदाय के बीच संबंधों को और अधिक सशक्त बनाने वाला एक यादगार एवं प्रेरणादायी दिवस सिद्ध हुआ।





























































