रायबरेली : जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने जनपद के कृषक बंधुओ से कहा है कि 18 अगस्त 2025 तक जनपद में यूरिया 9193 मी० टन वितरण हेतु निजी व सहकारी बिक्री केन्द्रो पर उपलब्ध है। चालू खरीफ सीजन में 01 अप्रैल से 18 अगस्त 2025 तक 45132 मी० टन यूरिया की बिक्री हुई है, जबकि विगत वर्ष 01 अप्रैल से 18 अगस्त 2024 तक 36537 मी० टन यूरिया की बिक्री हुई थी, इस प्रकार चालू खरीफ सीजन में अभी तक 8595 मी० टन यूरिया की अधिक बिक्री हुई है।
18 अगस्त 2025 तक जनपद में निजी क्षेत्र के 374 फुटकर बिक्री केन्द्रों पर 2997 मी. टन यूरिया एवं सहकारी क्षेत्र के 163 बिक्री केन्द्रों पर 2242 मी.टन यूरिया तथा कुल 537 फुटकर बिक्री केन्द्रों पर 5239 मी.टन यूरिया उपलब्ध है। सहकारी क्षेत्र हेतु पर्याप्त मात्रा में यूरिया गोदामों में उपलब्ध है, जिसका प्रेषण निरंतर साधन सहकारी समितियों पर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया एवं अन्य उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण की कार्यवाही नियमित रूप से की जा रही है तथा अनिमियतता पाये जाने पर सम्बन्धित विक्रेताओं के विरुद्ध कार्यवाही की गयी है। उर्वरक वितरण में अनियमितता पाये जाने पर 57 उर्वरक विक्रेताओं का लाइसेन्स/प्राधिकार पत्र निरस्त करने एवं 2 दुकानों को सील करने, 3 प्रकरणों में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की कार्यवाही की गयी है। सभी साधन सहकारी समितियों के सचिवों को निर्धारित अवधि में पूर्ण समय तक उर्वरकों के बिक्री करने के निर्देश दिये गये है। जिन साधन सहकारी समितियों पर यूरिया पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं है वहां पर उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है। किसान भाइयों को सलाह दी जाती है वह अनुदानित उर्वरक जैसे यूरिया आदि क्रय करते समय निजी तथा सहकारी बिक्री केन्द्रों पर आधार एवं भू अभिलेख (खतौनी) लेकर जाएँ तथा आवश्यकता एवं मानक के अनुरूप ही क्रय करें। किसी भी प्रकार का अग्रिम भंडारण नहीं करें। 20 अगस्त को एच.यु.आर.एल. कम्पनी की यूरिया की एक रैक प्लेस होने की सम्भावना है, जिससे जनपद में निजी एवं सहकारी क्षेत्र को सम्मिलित करते हुए 1500 मी.टन यूरिया प्राप्त होगी। जनपद को मांग के अनुरूप यूरिया प्राप्त हो रही है तथा यूरिया की कोई कमी नहीं है। उर्वरक सम्बंधित किसी प्रकार की समस्या हेतु कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 7572094283 पर कार्यालय अवधि में संपर्क किया जा सकता है।





























































