दीपावली से पहले रायबरेली में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, 28 दुकानों से लिए गए खाद्य नमूने

0
196


रायबरेली : दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज जैसे प्रमुख त्योहारी पर्वों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सोमवार को जिले के विभिन्न बाजारों में विशेष छापामार अभियान चलाया गया।

जिलाधिकारी महोदय रायबरेली के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री उदय नार्दे, श्री संतलाल यादव, श्रीमती शोभिता रस्तोगी, श्री सोरभ उसल, श्री संजय कुमार त्रिपाठी और श्री महेंद्र कुमार यादव सहित विभागीय टीम ने जिले के जगतपुर, गुरुबख्शगंज, उरुवां, देवकली, कोरिहा और खलियाबाद क्षेत्रों में कई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

अभियान के दौरान दूध, पनीर, मिष्ठान, घी, नमकीन, खोया, कॉफी, चाय पत्ती, रिफाइंड तेल आदि खाद्य पदार्थों के कुल 28 नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है। टीम ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि बिना लाइसेंस या पंजीकरण के खाद्य कारोबार न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि त्योहारों के समय मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही सामान खरीदें और रसीद अवश्य लें।

रिपोर्टर – विजय कुमार शुक्ला
(जनपद संवाददाता, रायबरेली)

LEAVE A REPLY