रायबरेली :जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी ने बताया है कि पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियों के लिए ‘ओ’ लेबल एवं सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना ऑनलाइन संचालित है। निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण, उ०प्र० लखनऊ द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में उक्त योजना के संचालन हेतु समय सारणी प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया है कि योजनान्तर्गत भारत सरकार की अधिकृत संस्था ‘नीलिट’ से मान्यता प्राप्त एवं निदेशालय द्वारा चयनित ‘ओ’ लेवल/सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान कराने वाली संस्थाओ के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियों जिनके माता-पिता/अभिभावक की वार्षिक आय रू0 1.00 लाख तक है, द्वारा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश, की बेवसाइट backwardwelfareup.gov.in पर दिये गये लिंक एवं obecomputertraining.upsdc.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन 14 जुलाई, 2025 तक किया जा सकता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए अभ्यार्थी की न्यूनतम शैक्षिक अर्हता इण्टरमीडिएट निर्धारित है। प्रशिक्षणार्थी की आयु 35 वर्ष से अधिक न हो तथा वह किसी शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति न प्राप्त कर रहा हो। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन के उपरान्त आवेदन की प्रति का प्रिंट आउट प्राप्त कर समस्त अभिलेखों / विवरणों को संलग्न करते हुए उसकी हार्डकापी 02 प्रतियो में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, विकास भवन रायबरेली के कार्यालय में दिनांक 14 जुलाई, 2025 के सायं 05:00 बजे तक उपलब्ध कराये जाने पर ही आवेदन मान्य किया जायेगा। तत्पश्चात जनपद स्तरीय चयन समिति द्वारा चयन की कार्यवाही की जायेगी। विस्तृत दिशा-निर्देश/समय-सारणी उक्त वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दी गई है।





























































