महिला कल्याण से संबंधित अधिकारियों के साथ राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने की समीक्षा बैठक।

0
76

डॉ. प्रियंका मौर्या ने जनपद में महिला जनप्रतिनिधियों से की बातचीत, जानी जमीनी हकीकत।

महिलाओं के अधिकारों को लेकर सख्त दिखीं आयोग की सदस्य, योजनाओं के क्रियान्वयन पर दिया जोर।

हर महिला तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों संग बैठीं डॉ. प्रियंका मौर्या।

महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण पर दिया जोर।

गौरीगंज : बुधवार को, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने आज तहसील गौरीगंज के सभागार में महिला कल्याण से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य जनपद में संचालित महिला कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और महिलाओं को प्राप्त हो रहे लाभ की स्थिति का आकलन करना था। बैठक में महिला कल्याण विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, पंचायत राज, और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। डॉ. मौर्या ने सभी विभागों से विभागवार प्रस्तुतियाँ लेकर जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़ी सभी योजनाएं प्रभावी रूप से क्रियान्वित हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए आवश्यक है कि योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे और पीड़ित महिलाओं की शिकायतों का त्वरित समाधान हो। बैठक में डॉ. मौर्या ने यह भी निर्देश दिया कि थानों में महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय बनाया जाए तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वितरण की निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता में रखा जाए।
बैठक के पश्चात डॉ. मौर्या ने जनपद की महिला जनप्रतिनिधियों के साथ भी एक संवादात्मक बैठक की, जिसमें ग्राम प्रधान महिला प्रतिनिधियाँ उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य ने महिला जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग सोशल मीडिया का उपयोग करें और अपने द्वारा किए गए कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से दिखाएं तथा अपने आसपास किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की आवाज जरूर उठाएं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी समाज सशक्त बनेगा, आप लोग अपने गांव में सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए, मिशन शक्ति कार्यक्रम में अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ें जिससे उन्हें अपने अधिकारों की कानूनी जानकारी हो सके। उन्होंने कहा कि अपने गांव में शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारे तथा पात्र लोगों को लाभान्वित करें। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों से पर्यावरण की दिशा में भी कदम उठाने को कहा तथा गांव को हरा भरा व स्वच्छ रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील किया। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे समाज में बदलाव की अग्रदूत हैं और उन्हें अपने क्षेत्र में महिलाओं के हित में सक्रिय रूप से कार्य करना चाहिए। बैठक के समापन पर डॉ. मौर्या ने कहा कि राज्य महिला आयोग महिलाओं के हर मुद्दे पर संवेदनशील है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए तत्पर है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और महिलाओं को सशक्त बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की। जनपद की महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस तरह की संवाद प्रक्रिया से प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार मौर्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, डीपीआरओ मनोज त्यागी, बीएसए संजय तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जनपद अमेठी से ब्यूरो दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट।

LEAVE A REPLY