रायबरेली का गौरव: ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए यूपी टीम में साजिद मेंहदी जाफरी का चयन

0
38

रायबरेली, ब्यूरो। नई दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ‘ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज क्रिकेट प्रतियोगिता’ के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का ऐलान कर दिया गया है। जनपद रायबरेली के लिए यह गौरव का क्षण है, क्योंकि यहाँ के सिंचाई विभाग में कार्यरत साजिद मेंहदी जाफरी ने प्रदेश की 16 सदस्यीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता 17 फरवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। इस टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश सरकार की सिविल सर्विसेज टीम भी हिस्सा ले रही है। चयन समिति ने प्रदेश भर से बेहतरीन खिलाड़ियों को परखने के बाद अंतिम 16 खिलाड़ियों की सूची जारी की, जिसमें रायबरेली के साजिद मेंहदी का नाम शामिल है।

साजिद मेंहदी वर्तमान में रायबरेली के सिंचाई विभाग (नलकूप खंड) में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। वे अब आगामी 17 तारीख से दिल्ली के मैदानों पर अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी का हुनर दिखाते नजर आएंगे।

उनकी इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों, सहकर्मियों और जनपद के खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दी हैं। साजिद का चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह रायबरेली की खेल प्रतिभा को भी राष्ट्रीय पटल पर रेखांकित करता है।

LEAVE A REPLY