रायबरेली : उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा मा0 जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली राजकुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में अनुपम शौर्य अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली द्वारा सोमवार को जिला कारागार, रायबरेली का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनुपम शौर्य अपर जिला जज/सचिव द्वारा जिला कारागार की बैरकों, पाकशाला व लीगल ऐड क्लीनिक का निरीक्षण किया गया। सचिव द्वारा दौरान निरीक्षण बन्दियों से उनका हालचाल जाना गया। इसके अतिरिक्त बैरक में बन्दियों के टिकटों की जांच की गयी। बन्दियों से उनके पास अधिवक्ता की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गयी। बंदियों से उनके मुकदमे में जमानत, गवाही व आरोप के संबंध में भी पूछताछ की गयी तथा बैरकों में प्रथम दृष्टया बीमार बंदियों के स्वास्थ्य के संबंध में उनको जिला कारागार के चिकित्सक द्वारा उचित उपचार देने हेतु दिशा-निर्देश जारी किये गये। जिन बंदियों की जमानत जिला न्यायालय से खारिज हो चुकी है। वे बंदी जो निःशुल्क सुविधा प्राप्त करना चाहते हैं तो उनको माननीय उच्च न्यायालय, विधिक सेवायें उप समिति, लखनऊ के माध्यम से जमानत उच्च न्यायालय में दाखिल करने के लिए भी निर्देशित किया गया। इसी प्रकार बैरकों के निरीक्षण के दौरान जिन बंदियों की पेशी की तिथि प्राप्त नहीं हो रही है उनके संबंध में जिला कारागार एवं लीगल एड डिफेन्स काउdन्सिंल को उनके मुकदमें की अद्यतन स्थिति से अवगत कराने के लिए भी निर्देश जारी किये गये। निरीक्षण उपरांत बन्दियों के विधिक अधिकार विषय़ पर विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर में जिला कारागार में निरुद्ध बन्दियों की शिक्षा एवं व्यवसाय के प्रशिक्षण के सम्बन्ध में चर्चा की गयी। जिससे अधिक से अधिक बन्दी लाभान्वित हो सके।
इसके अतिरिक्त अनुपम शौर्य अपर जिला जज/सचिव द्वारा बताया गया कि दो बन्दियों का जुर्माना ऑल इंडिया पयामे इंसानियत फोरम द्वारा जमा करने के उपरान्त बन्दियों को जेल रिहा किया गया। जिनके नाम इस प्रकार है, 1-दीपू मिश्र जो कि धारा 307 आई0पी0सी0 जिसकी सजा 06 वर्ष व जुर्माना रु0 5000 किया गया तथा 2-दुःखी धारा 304 आई0पी0सी0 जिसकी सजा 05 वर्ष व जुर्माना रु0 10,000 किया गया। उक्त फोरम के अध्यक्ष मो0 शफीक चौधरी व सदस्य तथा जेल अधीक्षक प्रभात सिंह, जेलर हिमांशु रौतेला, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल जय सिंह यादव उपस्थित रहे।



























































