सीडीओ की अध्यक्षता में डिजिटल क्रॉप सर्वे प्रशिक्षण की बैठक संपन्न

0
285


रायबरेली : जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए खण्ड विकास अधिकारियों एवं सहायक निकास अधिकारी पंचायत तथा वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी को प्रशिक्षित करने के लिए एक अति आवश्यक बैठक मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित की गई, जिसमें कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ ही साथ समस्त खण्ड विकास अधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी पंचायत व कृषि विभाग के वर्ग-2 के समस्त कर्मचारी सम्मिलित हुए।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समस्त प्रशिक्षार्थियों को निर्देशित किया गया कि वे शासनादेश में दी गई व्यवस्था के अनुसार समस्त ग्राम पंचायत सहायकों और रोजगार सेवकों का पंजीकरण के लिए आवश्यक सूचना सहित सूची तत्काल उप कृषि निदेशक को उपलब्ध करा दें और रणनीति बनाकर 16 अगस्त 2025 से पूर्व सर्वे कार्य की तैयारी पूर्ण कर लें, जिससे सर्वे का काम 16 अगस्त 2025 से प्रारम्भ हो जाये। उन्होंने कहा कि खण्ड विकास अधिकारियों को प्रतिदिन सायकाल सर्वेयरवार किये गये गाटा सर्वे कार्य की समीक्षा करेंगे तथा सर्वे रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप पर उप कृषि निदेशक को भेजेंगे। इस हेतु कृषि विभाग के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप बी कृषि विभाग के कर्मचारियों तथा रोजगार सेवकों के सर्वे की रिपोर्ट खण्ड विकास अधिकारी को उपलब्ध करायेंगे तथा सहायक विकास अधिकारी पंचायत, पंचायत सहायकों की दैनिक प्रगति खण्ड विकास अधिकारी को उपलब्ध करायेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रयास यह किया जाना है कि 10 दिन के अन्दर सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया जाये, साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सर्वेक्षण के साथ ही साथ राजस्व निरीक्षक तथा अन्य सुपरवाइजर सर्वे कार्यों का अनुमोदन करते रहें।
उप कृषि निदेशक विनोद कुमार द्वारा एप के माध्यम से सर्वे करने की विधि की जानकारी दी गई और यह भी बताया गया कि प्रत्येक गाटे के सर्वे के लिए सम्बन्धित सर्वेयर को 5 रू० प्रति गाटा भुगतान किया जायेगा। जो सर्वेयर जितना अधिक काम करेगा उन्हें उतना अधिक धनराशि प्राप्त होगी। यही नहीं सर्वेयर के शतप्रतिशत कार्यों के अनुमोदन के उपरान्त रू० 150 का अतिरिक्त भत्ता दिया जायेगा। नेट केनेक्टविटी के लिए 350 रु० की दर से दो माह के लिए कुल 700 रू० भुगतान किया जायेगा। जो सर्वेयर पहली बार कार्य के लिए लगाया जायेगा उन्हें पॉवर बैंक के लिए रू0 1000 मात्र का अतिरिक्त भुगतान किया जायेगा। सुपरवाइजर को प्रत्येक गाटा हेतु 0.50 पैसे की दर से भुगतान किया जायेगा। अन्त में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि समस्त खण्ड विकास अधिकारी तद्‌नुसार रणनीति बनाकर सर्वेक्षण का कार्य समय से पूर्ण कराये। डिजिटल क्रॉप सर्वे में आ रही समस्याओं के निराकरण हेतु उप कृषि निदेशक कार्यालय में एक सेल बनाया जाये, जिसका मोबाइल नम्बर समस्त सर्वेयर को उपलब्ध कराया जाये, जिससे सर्वे कार्य में तकनीकी समस्याओं का निराकरण किया जा सके।

LEAVE A REPLY