रायबरेली। लेखनशाला संस्था द्वारा आयोजित प्रथम राष्ट्रीय साहित्य प्रतियोगिता का परिणाम घोषित कर दिया गया। इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लिया, लेकिन सबसे खास बात यह रही कि शीर्ष पाँचों स्थानों पर महिलाओं ने अपना वर्चस्व कायम किया।
परिणामों के अनुसार, मोनिका शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बंदना पांचाल द्वितीय और आकांक्षा सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, आकांक्षा प्रजापति चौथे और डॉ. रीना कुमारी पाँचवें स्थान पर रहीं। निर्णायकों का कहना है कि बेटियों की रचनाओं में गहराई, संवेदनशीलता और नए विचारों का अद्भुत संगम देखने को मिला।
निर्णायक मंडल में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रश्मि श्रीवास्तव (लखनऊ), डॉ. संतलाल (रायबरेली) और राजपाल सिंह (लेखक, यूनिवर्सल सामान्य हिंदी) शामिल रहे। उनका मानना है कि इस प्रतियोगिता ने साहित्य जगत में महिला सशक्तिकरण का नया संदेश दिया है।
संस्था के अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा, “यह केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारतीय साहित्य में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और उनके सशक्त योगदान का प्रमाण है।”
इस आयोजन की सफलता में लेखनशाला टीम के अभिमन्यु सिंह, प्रदीप कुमार, पल्लवी, आशुतोष, गौतम, आंजनेय, नितेंद्र और ऋषि की अहम भूमिका रही। संस्था ने आश्वासन दिया है कि आगे भी इस तरह की प्रतियोगिताएँ आयोजित कर साहित्यकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया जाएगा।





























































