रायबरेली ; जनपद के मा0 प्रभारी मंत्री/मा0 मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम, उद्यम खाद्य एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग विभाग उत्तर प्रदेश राकेश सचान, मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात उ0प्र0 दिनेश प्रताप सिंह, मा0 राज्य मंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग उ0प्र0 मयंकेश्वर शरण सिंह ने राजकीय इण्टर कॉलेज रायबरेली में आयोजित 01 से 30 अप्रैल तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण तथा 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान एवं 01 से 15 अप्रैल तक स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ किया, इस अवसर पर मा0 विधायक सदर अदिति सिंह, मा0 विधायक सलोन अशोक कुमार, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ0 यशवीर सिंह, निदेशक, संचारी रोग नियंत्रण अभियान मधु गहरोला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 नवीन चंद्रा, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक विवेक विक्रम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी, अपना दल जिलाध्यक्ष सतेन्द्र पटेल सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया, इसके पश्चात कृपालु इंस्टीट्यूट की बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। आयोजित कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के जनपद बरेली में आयोजित उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। अतिथियों द्वारा 100 एम्बुलेंस (45-102 एम्ब्यू0, 45-108 एम्ब्यू0 व 10-ए0एल0एस) को हरी झण्डी दिखाकर जनमानस की सेवा में कार्य करने हेतु रवाना किया गया। इसके पश्चात स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ करते हुए 05 बच्चों को पुस्तक वितरित की गयी तथा आंगनबाड़ी के लिये 05 बाल मैत्री किट वितरित की गयी।
जनपद के प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद में शत प्रतिशत बच्चों का विद्यालय में नामांकन एवं उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें प्रदान करना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में आज स्कूल चलो अभियान व विशेष संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान का शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि आज बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है दो-दो अभियानों की शुरूआत की गयी है, एक तरफ 2500 अधिक एम्बुलेंस उ0प्र0 सरकार द्वारा जनमानस की सेवा करने हेतु समर्पित की गयी है। तो वही दूसरी तरफ स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ कर 01 से 15 अप्रैल 2025 तक स्कूल चलो अभियान अभियान विद्यालय स्तर पर चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण में यह अभियान ग्रीष्मावकाश के पश्चात 01 जुलाई से 15 जुलाई 2025 तक चलाया जायेगा। ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तर पर यह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा, इसके द्वारा नामांकन में वृद्धि तथा नामांकित छात्र/छात्राओं की नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित किया जायेगा तथा समुदाय एवं अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी।
मा0 उद्यान मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज से ‘‘स्कूल चलो अभियान’’ की शुरुआत हो रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करना और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा बरेली से इन दोनों अभियानों का शुभारंभ किया गया है। ‘‘स्कूल चलो अभियान’’ का उद्देश्य यह अभियान बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करने का काम करेगा, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। यूपी सरकार ने यह सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है कि हर बच्चे को शिक्षा मिले और स्कूल जाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही प्रदेशभर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान भी शुरू किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में संचारी रोगों के फैलाव को रोकना है। यह अभियान प्रदेश के सभी जिलों में चलेगा और लोगों को मच्छर जनित रोगों, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। मंत्री जी ने कहा कि यह अभियान प्रदेश में बच्चों की शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं को कम करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। निष्कर्ष ‘‘स्कूल चलो अभियान’’ और ‘‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान‘‘ दोनों ही उत्तर प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं में से हैं। इन अभियानों का उद्देश्य प्रदेश में शिक्षा का स्तर बढ़ाना और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता फैलाना है।
मा0 राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा इसका त्वरित एवं सही उपचार उ0प्र0 सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता में से एक है। संचारी रोगों के नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु साल में 03 चरण में माह अप्रैल, जुलाई तथा अक्टूबर में व्यापक अभियान चलाया जाता है। जिसके अन्तर्गत स्वास्थ्य, पंचायत राज, नगर विकास, पशुपालन, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, शिक्षा, कृषि तथा सिंचाई विभागों के पारस्परिक समन्वय के साथ व्यापक कार्ययोजना बनाकर संयुक्त प्रयास करते है। संचारी रोगों पर नियंत्रण हेतु चलाये जा रहे अभियानों से बहुत से सुपरिणाम मिले है, दस्तक अभियान के माध्यम से सभी संचारी रोगों के लक्षणों एवं उसके समुचित निदान के प्रति जागरूकता का प्रसार हुआ है जिससे संक्रमित व्यक्तियों का उचित एवं शीघ्रता से निदान संभव हो पा रहा है।
मा0 राज्यमंत्री ने कहा कि संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और अन्य जल जनित बीमारियां, हमारे देश में हर वर्ष हजारों लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित करती हैं। ये रोग मुख्य रूप से गंदगी, जलभराव और जन-जागरूकता की कमी के कारण फैलते हैं। हमें अपने परिवार, पड़ोस और पूरे समाज में इस अभियान के प्रति जागरूकता फैलानी होगी। सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि कोई भी व्यक्ति संक्रामक बीमारियों का शिकार न हो। इसके लिए समुचित जल निकासी सुधार व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, दवाओं की उपलब्धता और स्वच्छता अभियानों को तेजी से बढ़ाया जा रहा है। केवल सरकार के प्रयासों से यह लक्ष्य हासिल नहीं होगा, इसमें आप सभी का सहयोग आवश्यक है। हमें स्वयं भी सतर्क रहना है और दूसरों को भी जागरूक करना होगा। जनपद रायबरेली में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के सफल संचालन के परिणाम स्वरूप डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, ए०ई०एस०/जे०ई० से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या में निरन्तर कमी आ रही है। विगत तीन अभियानों से राज्य में संचारी रोग नियंत्रण अभियान में जनपद रायबरेली का प्रथम स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि आइए हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि इस अभियान को सफल बनाएंगे, अपने घर, गली, मोहल्ले और पूरे शहर को स्वच्छ रखेंगे, और संचारी रोगों को जड़ से खत्म करने में अपना योगदान देंगे। स्वच्छता अपनाएँ, बीमारियों को दूर भगाएँ। सुरक्षित रहे, स्वस्थ रहे।
मा0 विधायक गणों द्वारा भी अपने संबोधन के दौरान अपने विचार व्यक्त करते हुए सरकार के उल्लेखनीय कार्यों व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गयी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 नवीन चन्द्रा द्वारा संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी।
धन्यवाद ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय द्वारा किया गया एवं मंच का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।
