रायबरेली : कमान अधिकारी विंग कमांडर ए गुणशेकर ने बताया है कि उत्तर प्रदेश में वायुसेना में अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु (महिला एवं पुरुष) की भर्ती करने के लिए अधिकृत एकमात्र चयन केन्द्र है। उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य प्रति वर्ष बड़ी से बड़ी संख्या में प्रदेश के युवाओं को वायु सेना में भर्ती हेतु प्रोत्साहित करना एवं भर्ती करना है। इस योजना के तहत भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न की जाती है।
प्रथम चरण: अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन लिखित परीक्षा का आयोजन प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाता है। द्वितीय चरण अभ्यर्थियों की शारीरिक एवं अनुकूलता परीक्षण इस चयन केन्द्र में संपन्न किया जाताहै।
तृतीय चरण उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण हेतु निर्धारित चयन केंद्र में उपस्थित होना होता है। चिकित्सा परीक्षण भारतीय वायु सेना चिकित्सा टीम द्वारा वायु सेना के चिकित्सा मानकों और प्रचलित नीति के अनुसार किया जाता है। तृतीय चरण में सफल अभ्यर्थियों को अग्निवीर वायु के रूप में भारतीय वायु सेना में नामांकित किया जाता है, जिसके पश्चात उन्हें प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षण केन्द्र में भेज दिया जाता है।
भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 27 जनवरी 2025 तक नियत है। पंजीकरण एवं अधिसूचना का लिंक https://agnipathvayucda.in वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस भर्ती में 01 जनवरी 2005 और 01 जुलाई 2008 (दोनों तिथियाँ सम्मिलित) के बीच जन्में पात्र अविवाहित पुरुष एवं महिला उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन करने हेतु योग्य हैं। भर्ती प्रक्रिया की प्रथम चरण की ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन 22 मार्च 2025 से नियत है।


































































