उद्यान मंत्री ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
प्रबुद्ध जनों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
रायबरेली : उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला पंचायत भवन सभागार में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा,सुशासन, गरीब कल्याण प्रदर्शनी का उद्घाटन कर, प्रबुद्ध जनों के साथ जन कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने विकसित भारत के अमृत काल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के विकास की नई यात्रा तय की है। बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने सीमा सुरक्षित की, अर्थव्यवस्था मजबूत की और टेक्नोलॉजी को जन-जन तक पहुंचाया। ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्यवाही ने संदेश दिया कि आतंकवाद किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है। निर्णायक नीति, सुरक्षा बलों की सशक्त कार्रवाई से आज भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। ई-गवर्नेंस प्रणाली ने पारदर्शिता, समयबद्धता, जवाबदेही एवं डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर की शुरुआत से भ्रष्टाचार पर रोक लगी है। अंतरिक्ष अभियानों में भारत ने बड़े आयाम स्थापित किए हैं। अब भारत अपनी सेवाएं अन्य देशों को भी दे रहा है। राजमार्गों के निर्माण में तीन प्रतिदिन प्रगति हो रही। लोगों को सरल,सुविधाजनक और सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध हो रही।
देश के अन्नदाता के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पटरी विक्रेताओं के लिए स्वनिधि योजना, ग्रामीण माताओं-बहनों के लिए उज्ज्वला योजना, स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान कार्ड जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं आमजन को मिल रही है। इसी प्रकार स्वच्छ भारत अभियान के तहत बनाए गए 12 करोड़ शौचालयों ने हमारी माताओं-बहनों को गरिमापूर्ण जीवन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकास भी और विरासत भी के सूत्र का पालन किया है। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाना, विश्वस्तरीय काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल परियोजना और राम मंदिर अब सपना नहीं बल्कि असलियत है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, पंचतीर्थ, नेशनल वॉर मेमोरियल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति इंडिया गेट पर अनावरण कर नायकों को सम्मानित किया गया है। नारी शक्ति वंदन,तीन तलाक, मातृत्व अवकाश,लखपति दीदी से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष/विधायक सुरेश तिवारी, जिला प्रभारी पीयूष मिश्रा, जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धीलाल पासी, अध्यक्ष जिला पंचायत रंजना चौधरी, पूर्व प्रदेश संयोजक श्रम प्रकोष्ठ सुरेंद्र सिंह दाढ़ी, पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण सहित प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।
